बिलासपुर। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने रविवार को घुमारवीं के त्यून खास स्थित प्राचीन किलों एवं ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व से परिपूर्ण है तथा इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। पर्यटन मानचित्र पर इस क्षेत्र को स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां आ सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
धर्माणी ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक इको-टूरिज्म समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त वन विभाग के अधिकारियों को भी समिति से जोड़ा जाएगा ताकि क्षेत्र का विकास सामूहिक प्रयासों से किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्कृति, परंपराओं तथा पारंपरिक व्यंजनों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे यहां आने वाले पर्यटक हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकें और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि हो।
राजेश धर्माणी ने कहा कि संबंधित पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध करवाने तथा सभी प्रमुख मार्गों को पक्का करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कई सड़क परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है तथा अनेक परियोजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जिन पर शीघ्र कार्य आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुगम एवं बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से बेहतर ढंग से जोड़ा जा सके।
त्यून खास स्कूल का किया औचक निरीक्षण, दो कमरों तथा रिटेनिंग वाॅल का प्राक्कलन तैयार करने के दिये निर्देश
इस बीच, उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय त्यून खास का औचक निरीक्षण किया तथा स्कूल में विद्यार्थियों को बैठने की आ रही दिक्कतों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही दो कमरों तथा रिटेनिंग वॉल का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उन्होंने जन समस्याओं को भी सुना तथा अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किये।
इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल, पंचायत प्रधान उषा देवी, उपप्रधान कश्मीर सिंह, बीडीसी सदस्य फूला देवी, एसडीएम गौरव चैधरी, डीएसपी विशाल वर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी रंजना शर्मा, उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका, डॉ. अभिषेक, पूर्व प्रधान लेख राम, सुनीता धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
