शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने प्रदेश में हुए नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा की जनविरोधी राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए कांग्रेस की विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की नीति पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों के परिणाम यह स्पष्ट करते हैं कि आम जनता कांग्रेस सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और प्रदेश को विकास की नई दिशा देने के लिए कांग्रेस के साथ खड़ी है।
छतर सिंह ठाकुर ने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और समर्थन से यह ऐतिहासिक जीत संभव हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगे भी जनता के हितों की रक्षा और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करती रहेगी।
