Spread the love

11 जनवरी को हर जिला में प्रमुख स्थालों व राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिमाओं के सम्मुख होगा एक दिवसीय सांकेतिक उपवास 

 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसम्पर्क अभियान 

शिमला। हिमाचलप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने जिला अध्यक्षों से मनरेगा का नाम बदलकर इसे कमजोर करने के केंद्र सरकार के निर्णय के खिलाफ प्रदेश में मनरेगा बचाओ संग्राम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ संग्राम में प्रदेश की भागीदारी में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और केंद्रीय आलाकमान द्वारा निर्देशित इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करना होगा।

वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त जिला अध्यक्षों की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश में 10 जनवरी से मनरेगा बचाओ संग्राम के आयोजन पर केंद्रीय आलाकमान द्वारा निर्देशित कार्यक्रम पर चर्चा के बाद इसके आयोजन को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में इस आयोजन को लेकर जिला अध्यक्षों के सहयोग के लिये जिला व ब्लॉक कॉर्डिनेटर लगाने का भी निर्णय लिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत मनरेगा में बदलाव के खिलाफ 10 जनवरी को प्रत्येक जिला में जिलाध्यक्ष प्रेसवार्ता करेंगे। इसमें जिला के मंत्रियों, विधायको व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है।

इसी तरह 11 जनवरी को हर जिला में प्रमुख स्थालों व राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिमाओं के समूख एक दिवसीय सांकेतिक उपवास रखा जाएगा। 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसम्पर्क, 30 जनवरी को वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय मनरेगा बचाओ धरना, 7 फरवरी से 15 के मध्य राज्य स्तरीय धरना व 16 फरवरी से 25 फरवरी के मध्य क्षेत्रीय एआईसीसी की रैलियां आयोजित होंगी। 

अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने बैठक में वर्चुल जुड़कर सभी को निर्देश दिया कि कांग्रेस गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर महात्मा गांधी का नाम हटा कर इसकी आत्मा को ही खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मनरेगा बचाओ संग्राम में पार्टी की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार इसके मूलस्वरूप को वापिस नहीं लाती तब तक कांग्रेस इसके खिलाफ संग्राम जारी रखेगी।

बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने वर्चुल बैठक में जुड़ कर कहा कि इस अभियान को

गांव गांव बूथ स्तर तक ले जाना है, जिससे गरीबों के अधिकार बहाल हो सकें।

बैठक में मौजूद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी विदित चौधरी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मालिकार्जन खरगे ने संगठन सृजन के तहत जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की है। उन्होंने कहा कि उन्हें मनरेगा बचाओ संग्राम में बढ़चढ कर अपने अपने जिलों में इस अभियान को सफल करना है। बैठक में सभी 11 जिलों के नव नियुक्त अध्यक्ष मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *