Spread the love

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश को चिट्टे जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ से मुक्त बनाने के लिए एक बड़ी जंग का ऐलान किया है। इस चिट्टा विरोधी जंग में भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।

वीरवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में बोर्ड के 26 अन्य कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शपथ दिलाने के बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नरदेव सिंह कंवर ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चिट्टे की तस्करी और सेवन में संलिप्त लोगों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 जारी किया गया है तथा चिट्टे के तस्करों को पकड़ने में मदद करने वालों के लिए मुख्यमंत्री ने बड़े ईनाम भी घोषित किए हैं। 

नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी, सभी श्रमिकों तक मुख्यमंत्री के संदेश को पहुंचाएंगे। इन श्रमिकों के माध्यम से यह संदेश घर-घर तक पहुंचेगा और चिट्टा विरोधी अभियान को एक जन आंदोलन का रूप मिलेगा। कंवर ने सभी श्रमिकों और अन्य लोगों से इस अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed