Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रामपुर से कुल्लू को जोड़ने वाली जलोड़ी जोत सुरंग के निर्माण को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने जलोड़ी जोत सुरंग के निर्माण का जो सपना देखा था, उसे अब साकार किया जा रहा है। उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने जलोड़ी जोत सुरंग को अपनी प्राथमिकता बताया था और इसे पूरा कर दिखाया। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में सड़क निर्माण और रखरखाव के कार्यों की सराहना की। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पुरानी सड़कों के रखरखाव और मेटलिंग के लिए केंद्र से धनराशि स्वीकृत करवाना भी एक उल्लेखनीय कार्य है।

प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने “डबल इंजन सरकार” का दावा करने के बावजूद जलोड़ी जोत सुरंग निर्माण में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। अगर भाजपा सरकार ने गंभीरता से प्रयास किया होता, तो आज यह सुरंग बनकर तैयार हो चुकी होती।

प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के भाजपा नेताओं से अनुरोध किया कि वे राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को केंद्रीय नेतृत्व से सहयोग लेकर प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जलोड़ी जोत सुरंग के निर्माण को लेकर कांग्रेस ने‌ जो प्रयास किए, वे अब सिरे चढ़ने लगे हैं। इस उपलब्धि ने मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों में उत्साह और उम्मीदें जगाई हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *