शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा की चुनावी रणनीति को धार देने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल आएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 5 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। अपने दौरे के दौरान वह भाजपा कोर ग्रुप बैठक में भाग लेंगे, जिसमें लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनेगी।
डॉ. बिंदल ने बुधवार को यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि नड्डा 5 जनवरी को सुबह 9 बजे सोलन पहुंचेंगे तथा दोपहर बाद उनको होटल पीटरहॉफ शिमला पहुंचने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि सोलन और शिमला में संसदीय क्षेत्र की जनता 3 राज्यों में भाजपा को जीत मिलने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की गारंटियां फेल हो गई हैं, जिस कारण उसे सत्ता से बाहर का रास्ता देखना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश की जनता भी कांग्रेस सरकार का हिसाब चुकता करेगी। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 3 राज्यों में भाजपा की जीत में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसके लिए प्रदेश पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया जाएगा।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण का सपना साकार होने से भारत फिर से विश्व में ज्ञान और आध्यात्म क्षेत्र में अपना परचम फहराएगा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का तिलिस्म इस बार भी नहीं टूटेगा, इसकी वजह देश की जनता का पीएम मोदी पर भरोसा है।
