Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जिला सिरमौर, जिला महासू तथा जिला शिमला के भाजपा नेताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। उन्होंने सामाजिक संगठनों के साथ भी वीडियो कॉन्फ्रेंस से वार्तालाप किया। डॉ. बिंदल ने इस दौरान कहा कि भाजपा ने लक्ष्य रखा है कि प्रदेश के सभी 7793 पोलिंग बूथों पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संवाद करेंगे। हमारे बूथ अध्यक्ष, पालक, बीएलए व पन्ना प्रमुखों से बात करते हुए उन्हें तीन वाक्य बताए जाएंगे। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि इस वाक्यों में पहला – दो गज की दूरी है बहुत जरूरी, दूसरा- फेस कवर लगाएं सुरक्षा पाएं और तीसरा – सावधानी हटी दुर्घटना घटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा राज्य के हर गांव के हर व्यक्ति को उक्त तीन विषयों पर सजग करेगी। इसके लिए हमें 5000 से ज्यादा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करनी होगी। भाजपा इस कार्य पर लग गई है।डा. बिन्दल ने भाजपा नेताओं से वार्ता करते हुए कहा कि कोरोना से लड़ना है, जीतना है और भय के वातावरण को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की वर्चस्व की जंग तेज होती जा रही है। पिछले कल जिस प्रकार बयानबाजी का दौर शुरू हुआ और एक-दूसरे से आगे बढ़कर ब्यान देने की होड़ लगी है, वह किसी भी प्रकार से आज के कोरोना काल के अनुरूप नहीं है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में सभी राज्य सरकारें कोरोना से लड़ाई लड़ रही है। वह राज्य सरकारें चाहे भाजपा शासित हैं या कांग्रेस या अन्य दलों द्वारा शासित हैं, लेकिन हिमाचल कांग्रेस के नेता शेष राज्यों से जब हिमाचल सरकार के कार्यों की व सफलता की तुलना करेंगे तो पायेंगे कि हिमाचल सरकार का काम श्रेष्ठ है। डॉ. बिन्दल ने जिला सिरमौर, जिला शिमला, जिला सोलन तथा जिला महासू के कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed