शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को अर्की निर्वाचन क्षेत्र व शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र को अपनी-अपनी ओर से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अपने आवास हॉलीलॉज से स्वास्थ्य सामग्री रवाना की। इस राहत सामग्री में पीपीई किट्स, ऑक्सीमीटर्स, सनीटाइज़र व मास्क हैं। यह सामग्री दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के हर पंचायत को प्रदान की गई है, जहां पंचायत प्रधान, वार्ड मेंबर्स आशा वर्कर व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से अपने-अपने क्षेत्रों में कोरोना से प्रभावित किसी भी व्यक्ति या परिवार की प्रथम जांच के साथ उसे इसके बचाव व सुरक्षा की मदद करेंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान कहा कि वह और उनके पिता वीरभद्र सिंह प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि वह खुद भी इस संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, लेकिनअब वह पूरी तरह ठीक हैं। उनके पिता भी स्वास्थ्य लाभ कर रहें है और तन्दरुस्त हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी से सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा। इसके लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। विक्रमादित्य ने कहा कि आज उन्होंने इन प्रयासों के चलते यह राहत सामग्री भेजी है, जिससे लोगों की मदद हो सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह अपने इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अपने स्तर पर एक-एक एम्बुलेंस का भी प्रबंध कर रहे हैं, जिससे उनके इन दोनों निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध हो सके। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज की यह राहत सामग्री उन्होंने अपने इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में विधायक होने के नाते अपना कर्तव्य पालन किया है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त राहत कार्यों में कांग्रेस पार्टी की ओर से गांधी हेल्पलाइन के तहत भी कोरोना से प्रभावित लोगों की पूरी मदद की जा रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश सहित अर्की व शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में कोरोना से हुई मौतों पर दुःख प्रकट करते हुए कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्रों के उन गरीब व असहाय लोगों को, जिन्होंने इस दौर में अपनी जान गंवाई है, उनके आश्रितों को अपनी ऐच्छिक निधि से वह 15-15 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे।
