Spread the love

शिमला। प्रदेश के मुख्य सचेतक जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र के विधायक नरेंद्र बरागटा ने कहा है कि पंचायतें अपने पंचायत क्षेत्र में पांच नए कार्य -सड़क निर्माण, पानी एवं सिंचाई योजनाएं, युवक मण्डल भवन, महिला मण्डल भवन, खेल मैदान, श्मशान घाट, वर्षा शालिका- जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करेगी। इस योजना के तहत पंचायतें अपने स्तर पर कार्य को पूर्ण करने में सक्षम होगी। वे बुधवार को शिमला जिले के जुब्बल-कोटखाई की ग्राम पंचायत बरथाटा के वीरगढ़ मुरल में पंचायतीराज प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के लोगों से बात कर रहे थे। 

बरागटा ने कहा कि ग्राम सभा की बैठक में बीपीएल की सूची में उसी व्यक्ति को लाभ प्राप्त हो जो उसका असली हकदार है। उन्होंने कहा कि अप्रैल में होने वाली ग्राम सभा की पहली बैठक में इन सूचियों का आकलन करना आवश्यक है, जिससे गरीब, असहाय और निचले स्तर पर रह रहे व्यक्ति को लाभ प्राप्त हो सके। नरेंद्र बरागटा ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों में तेजी लाना है, इसके लिए वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जुब्बल-कोटखाई-नावर तीनों क्षेत्रों में एक समान विकास कार्य करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों के दिलों में जो विकास के प्रति ज्वाला है, इस ज्वाला को वे अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में पूर्ण करेंगे। उन्होंने बरथाटा पंचायत की जनता से अनुरोध किया कि वे निसंकोच होकर विकासात्मक कार्यों के लिए मुझसे मिले।


नरेंद्र बरागटा ने कहा कि खड़ापत्थर से सैंज तक सड़क के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से 70 करोड़ रुपये की धनराशि को स्वीकृत करवाया है, जिससे इस सड़क में 12 पुल बनाए जाएंगे तथा सड़क के अन्य कार्य को पूर्ण किया जाएगा। इस क्षेत्र की जनता को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े एवं आने वाले सेब सीजन के दौरान हम अपनी फसल को विभिन्न मंडियों तक भलीभांति पहुंचा सके, इसके लिए उन्होंने विभाग को इस सड़क में पुलों को बनाने के दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा जल्दी से जल्दी किया जाएगा।
बरागटा ने कहा kf जल शक्ति विभाग द्वारा बरथाटा पंचायत में लगभग साढ़े तीन करोड़ की धन राशि से विभिन्न उठाऊ पेयजल योजना तथा 83 लाख की धनराशि से नल से जल योजना के तहत पंचायत के लोगों को लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने बरथाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए ईसीजी मशीन देने की घोषणा की तथा बरथाटा पंचायत घर निर्माण के शेष कार्य के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने सुजला में 25 केवी ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 33 केवी स्तरोन्नत तथा बरथाटा के 100 केवी को 250 केवी स्तरोन्नत करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बरथाटा पंचायत की पांच सड़कों में विभाग को सामुहिक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरस्वती नगर में बनने जा रहे सिंथैटिक ट्रैक के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि यहां के लोगों को इसका भरपूर लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि 12 करोड़ से सरस्वती नगर काॅलेज में प्रेक्षागृह जिसका कार्य प्रगति पर है, इन दोनों कार्यों को मुख्यमंत्री द्वारा जल्दी से जल्दी उद्घाटन करवाया जाएगा। बरागटा ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में उपमण्डलाधिकारियों को लोगों की सुविधा के लिए जुब्बल तथा कोटखाई क्षेत्र में 15-15 दिनों तक तैनात किया है।
इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा गोवर्धन संगरोली ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। नवयुवक मण्डल बरथाटा के कार्यकर्ता चिराग संगरोली ने भी अपने युवक मण्डल की मांगें मुख्यातिथि के समक्ष रखे। इस अवसर पर आईटी सेल संयोजक हिमाचल प्रदेश चेतन बरागटा, हिमाचल प्रदेश सह प्रभारी मीडिया प्रवीण छाजटा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजपा यशवीर जस्टा, अटल बिहारी इंजीनियरिंग काॅलेज गुम्मा के निदेशक राविन्द्र चौहान, मण्डल उपाध्यक्ष जुब्बल-कोटखाई-नावर अशोक जस्टा, मण्डल महामंत्री जुब्बल-कोटखाई-नावर सतीश पिरटा, जिला महासु युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकुश चौहान, बरथाटा प्रधान गोपाल ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी रोहडू बाबू राम शर्मा, बीडीओ जुब्बल कर्ण सिंह, तहसीलदार चन्द्र मोहन, वरिष्ठ कार्यकर्ता हरीश चौहान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *