शिमला। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम गुम्मा कोटखाई में महासू कल्चरल एंड वेलफेयर सोसायटी ने कोविड 19 वैक्सीन टीकाकरण के लिए प्रोत्साहन क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया। इसमें 4 टीमों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता प्रेस इलेवन शिमला ने शिमला महासू-2 टीम को फाइनल में पांच रनों से हराकर अपने नाम की। टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रेस इलेवन के गुलवंत ठाकुर मैन आफ द सीरीज चुना गया। फाइनल मुकाबले में मैन आफ द मैच भी गुलवंत को चुना गया। फाइनल में प्रेस इलेवन ने 10 ओवर में 84 रनों का लक्ष्य महासू इलेवन के सामने रखा। महासू इलेवन-1 की टीम 79 ही रन बना पाई। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में प्रेस इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। महासू इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 79 का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस इलेवन ने तीन विकेट खोकर मैच जीत लिया। प्रेस इलेवन की तरफ से देवेन्द्र हेटा ने सबसे अधिक नाबाद 29 रन और गुलवन्त ठाकुर ने 19 रन बनाए। शिमला प्रेस इलेवन से मनोज ने बेहतरीन गेंदबाजी कर तीन विकेट हासिल किए। इस मैच में विकास काल्टा को मैैैन आफ द मैच चुना गया।
वहीं, दूसरा मैच हेल्थ इलेवन और जिला महासू इलेवन-2 के बीच हुआ। महासू इलेवन-2 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हेल्थ इलेवन के सामने 88 रन का लक्ष्य रखा। हेल्थ इलेवन की टीम 82 रन ही बना पाई और मैच महासू इलेवन ने यह मैच 6 रनों से जीत लिया। प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम ठियोग सौरव जस्सल ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कोविड 19 टीकाकरण के प्रोत्साहन के लिए आयोजित प्रतियोगिता की प्रशंसा की और सभी लोगों से टीका लगाने की अपील की।
शिमला महासू कल्चरल एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन बरागटा ने कहा कि कोविड टीकाकरण अभियान पूरे देश मे चला हुआ है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा भ्रांतियां फैलाई जा रही है कि कोविड का टीकाकरण कारगर नहीं है। इस मिथक को तोड़ने के लिये यहां पर यह प्रतियोगिता करवाई गई। उन्होंने बताया कि जिला शिमला में प्रतिभा बहुत है, लेकिन हमारे युवा भटक रहे हैं। शिमला जिला के अधिकतर युवा कपड़े की गेंद से खेलते हैं, लेकिन भविष्य लेदर की बॉल में है। इसलिए युवाओं को कपड़े की बॉल छोड़नी होगी। सोसायटी के कोर्डिनेटर सन्दीप गांगटा ने इस क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर रावला क्यार पंचायत के उप प्रधान आतिश चौहान भी मौजूद रहे।
