शिमला। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी चीन ने फैलाई और भारत ने उसकी वैक्सीन बनाकर 152 देशों को दी।उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजबूत नेतृत्व है, जिसके कारण भारत की छवि पूरे विश्व में उभर कर आ रही है।
खन्ना ने कहा कि भाजपा आने वाले नगर निगम चुनावों में 100 फीसदी जीत दर्ज करेगी, क्योंकि देश में एक सशक्त नेतृत्व है और प्रदेश में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक सशक्त नेतृत्व की सरकार चला रहे हैं, जिससे जनता खुश है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ग्राम सभा से विधानसभा तक का मंत्र दिया है और पंचायती राज चुनावों में भाजपा अपनी प्रचंड जीत दर्ज कर चुकी है। इसी प्रकार नगर निगम चुनावों में भी हम प्रचंड जीत दर्ज करेंगे।
खन्ना ने कहा कि भाजपा मुकाबला ऐसी पार्टी से है, जिसके पास ना तो नीति है और ना ही नेता, कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है, जिसके ऊपर राजनीति कर सकें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस में हिमाचल के राज्यपाल पर हमला किया, वह निंदनीय है और पूरे प्रदेश में इसकी निंदा धरातल तक हो रही है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर उपचुनाव जब भी होगा, तब भाजपा उसमें भी भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।
अविनाश राय खन्ना ने कहा कि भाजपा एक व्यक्ति की पार्टी नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। वहीं, कांग्रेस व्यक्ति पूजन में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि जो भी चुनाव हो, जिसके हाथ में कमल का फूल होगा, वही भाजपा का प्रत्याशी होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है जो प्रदेश से लेकर बूथों तक सकारात्मक कार्य कर रहा है।
