शिमला। शहरी विकास आवास, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री सुरेश भारद्वाज ने रविवार को राजधानी शिमला के उपनगर कैथू का दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अफसरों को कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि लोअर कैथू में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनने वाली पार्किंग को और अधिक विकसित करने के लिए विचार किया जा रहा है। इसके द्वितीय तल में पार्किंग स्थल निर्माण तथा अन्य निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने लोअर कैंथू में एम्बुलेंस रोड के संबंध में भी लोगों से विचार-विमर्श किया।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि एम्बुलेंस रोड को चौड़ा करने व पार्किंग परिसर के निर्माण के संबंध में जो बिंदु चर्चा के उपरांत निकल कर आए हैं, उन्हें निर्माण के दौरान क्रियान्वित किया जाएगा। साथ ही पार्किंग को भव्यता प्रदान कर लोगों को सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अप्पर कैथू में ताराहाॅल के पास निर्मित ओवर फुट ब्रिज तथा पैदल चलने वाले मार्ग के निर्माण के लिए स्थानीय लोगों की राय के अनुरूप कार्य किया जाएगा। उनका कहना था कि स्मार्ट सिटी के तहत इसे निर्मित किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद सुनील दत्त तथा अन्य लोग उपस्थित थे।
