Spread the love

हमीरपुर। हमीरपुर जिला में कोरोना टीकाकरण अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को उपायुक्त देवाश्वेता बनिक, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी जितेंद्र सांजटा और एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने भी मेडिकल कालेज अस्पताल जाकर कोरोना के टीके की दूसरी खुराक ली।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ नागरिकों को भी टीके लगाए गए। उपायुक्त देवाश्वेता बनिक ने बताया कि जिला के सभी 6 स्वास्थ्य खंडों के मुख्य अस्पतालों और मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर में टीकाकरण किया जा रहा है। एक जनवरी 2022 तक 60 वर्ष की आयु पूरे करने वाले सभी लोगों के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से पीडि़त 45 से 59 साल तक के लोगों के टीकाकरण के लिए 15 मार्च से पंचायत स्तर पर पंजीकरण शुरू किया जाएगा। पंचायत कार्यालय में हर सप्ताह सोमवार और बुधवार को दोपहर दो से पांच बजे तक पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए पात्र लोग आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र के साथ अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
उपायुक्त ने एक जनवरी 2022 तक 60 वर्ष की आयु पूरे करने वाले सभी लोगों और गंभीर बीमारियों के शिकार 45 से 59 वर्ष के लोगों से पंचायत कार्यालयों में अपना पंजीकरण करवाने की अपील भी की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *