शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आज सुबह राजधानी शिमला की ढली सब्जी मंडी का दौरा कर वहां सब्जी उत्पादकों, आढ़तियों, सब्जी ढुलाई में लगे चालकों व लेबर से बातचीत कर उनकी समस्याओं की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लॉक डाउन की वजह से आ रही उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
सब्जी उत्पादकों ने राठौर को बताया कि उन्हें घर पर ही लेबर न मिलने के कारण बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें अपने उत्पाद खेतों से खुद पीठ पर लाद कर मुख्य सड़कों तक लाने पड़ रहा है। वहीं आने-जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, वाहन चालकों ने बताया कि उन्हें भी अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लॉक डाउन की वजह से गाड़ियां कम है और पुलिस की कड़ी चैकिंग से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। उन्हें रास्ते में खाने पीने की भी समस्या से जूझना पड़ रहा है।
वहीं, ढली मंडी के आढ़तियों का कहना था कि लॉक डाउन की वजह से बाजार में लोगों की आवाजाही बहुत ही कम है। शिमला में मांग और आपूर्ति में ज्यादा अंतर होने से किसानों को उचित मूल्य देने में वह असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि इस समय सब्जियां प्रदेश से बाहर दिल्ली की मंडियों में नहीं जा पा रही है। फिर भी वह जितना संभव हो रहा है वह पूरा माल खरीद रहे हैं।
राठौर ने आढ़तियों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया कि वह किसानों को उनकी उपज का पूरा लाभ देने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने वहां लेबर से भी बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। राठौर ने सभी लोगों की समस्याओं पर आश्वासन दिया कि वह उनकी समस्याओं को जिला प्रशासन और सरकार के समक्ष रखेंगे और एक-दो दिनों के भीतर उन्हें बड़ी राहत दिलाई जाएगी। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के व्यापार विभाग के अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर भी साथ थे।
