कुल्लू। वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि वैश्विक महामारी के इस संकट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को न केवल सशक्त नेतृत्व दिया है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी उन्होंने एक मिसाल कायम की है। रविवार को मनाली में प्रधानमंत्री के प्रसिद्ध कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण के श्रवण के बाद गोविंद सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण बातों का जिक्र किया है तथा अहम सुझाव दिए हैं। प्रत्येक देशवासी को इनका अनुसरण करना चाहिए।
वन मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अपने कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को कोरोना संकट से निपटने के लिए समर्पण भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। गोविंद सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्य स्थल और घर में भी पूरी सावधानी बरतें तथा सेनिटाइजेशन एवं हैंडवाॅश के लिए पर्याप्त प्रबंध करें। कार्य स्थल और आवासीय परिसर में अन्य लोगों को भी सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित करें तथा सोशल डिसटेंसिंग का विशेष ध्यान रखें। हर समय मास्क का प्रयोग करें। वन मंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों से एचपी एसडीएमए कोविड-19 एसडीआर फंड और पीएम केयर्स फंड में उदारता से अंशदान करने की अपील भी की।
