Spread the love

मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और विश्व में उत्कृष्ट नेतृत्व होने का दावा कर सकती है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर कांग्रेस एक परिवार विशेष की पार्टी है, जिनके पास देश की समर्पण भाव से सेवा करने के लिए न तो कोई दृष्टिकोण है और न ही प्रतिबद्धता है। वे सोमवार को मंडी में मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का सौभाग्य है कि हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्नेह प्राप्त है, जो प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने धारा-370 समाप्त कर जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि तीन तलाक को समाप्त करने और सीएए जैसे अन्य निर्णय भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व के कारण ही संभव हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है, जिसका श्रेय पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए गौरव की बात है कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का नेतृत्व प्रदेश के धरती पुत्र जगत प्रकाश नड्डा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश के लोगों पर राज्य स्तर पर भाजपा को सुदृढ़ करने का दायित्व बढ़ा है। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने कोविड महामारी के दौरान प्रदेश में विकास की गति को निर्बाध रूप बनाए रखने के लिए दृढ़ प्रयास किए और लगभग 3500 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला और उद्घाटन करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का भरपूर उपयोग किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस संकट के समय में प्रदेश के लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान लाखों जरूरतमंद लोगों को फूड किट, सेनेटाईजर और मास्क वितरित किए। लोगों ने मुख्यमंत्री कोविड फंड और पीएम केयर्ज में भी उदारतापूर्वक अंशदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार को लोगों का भरपूर सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा ने न केवल चारों सीटों पर विजय हासिल की हैं, बल्कि सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल कर रिकाॅर्ड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा का मत प्रतिशत सर्वाधिक है और भाजपा ने दोनों उप-चुनावों के उपरान्त पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों में भी जीत दर्ज की है। जय राम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावशाली तरीके से पहुंचाने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभार्थियों के साथ निकट सम्पर्क स्थापित करने को भी कहा। जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, सांसद राम स्वरूप शर्मा, कुल्लू और मंडी के भाजपा विधायक तथा पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, जिला परिषद के अध्यक्ष पाल वर्मा, मंडी महिला मोर्चा अध्यक्षा सुमन ठाकुर और भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *