शिमला। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शनिवार को शिमला जिले के रामपुर के पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्थानीय युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां तथा चरित्र निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की। सहयोेग हमारा, संघर्ष आपका कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आदित्य नेगी ने कहा कि हमें अपने भविष्य का लक्ष्य तय कर ही प्रतियोगी परीक्षाओं को स्वीकार करना चाहिए।
आदित्य नेगी ने कहा कि परीक्षा तैयारियों को करते समय कभी भी असफलता की नकारात्मक सोच को न पनपने दें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए हमें पठन-पाठन के लिए जहां से भी मदद अथवा सामग्री मिले, उसे तुरन्त प्राप्त कर सहजें। इस परस्पर संवाद में युवाओं ने उपायुक्त तथा उपमण्डलाधिकारी से अनेक सवाल पूछ कर शंकाओं का समाधान किया।उपायुक्त ने बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश के रचनात्मक निर्माण की ओर अग्रसर होनी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और बौद्धिकता को नशे के नरक में न धकेलें। इस अवसर पर एसडीएम रामपुर सुरेन्द्र मोहन ने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए की जाने वाली तैयारियों के लिए कैसे जानकारी जुटाई जाए तथा अन्य महत्वपूर्ण बिदुंओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्कूल के पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के लिए 100 नवीनतम जानकारी से संबंधित पुस्तकें लाई गई है और जल्द ही पुस्तकालय में इस कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएगी।
