धर्मशाला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सभी राजनीतिक दलों में भाजपा का सबसे मजबूत काम करने का तरीका है। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और हमारे पास नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री है जो पूरे विश्व के सशक्त नेतृत्व है। वे बुधवार को धर्मशाला में प्रदेश भाजपा के प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे। इसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 3 साल में भाजपा एवं सरकार ने कड़ी मेहनत की है, जिसके परिणाम स्वरूप आज हिमाचल प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में भारतीय जनता पार्टी ग्राम सभा से विधानसभा तक के नए नारे के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक बनने से पहले प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है और सिखाने से पहले सीखना आवश्यक है, यह पद्धति केवल भाजपा में है।
जयराम ठाकुर ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को एक सुदृढ़ टोली की तरह काम करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा ने इन पंचायती राज चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया है, वह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों में कांग्रेस के पास कोई भी स्थिर मुद्दा सरकार के खिलाफ नहीं है। आज हमारी सरकार पारदर्शी रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब भी सरकार एवं संगठन हर स्तर पर मेहनत करेगा और आने वाले समय में और ज़्यादा सुदृढ़ बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार के प्रथम 3 सालों और भाजपा सरकार के 3 सालों की तुलना की जाए तो विकास कार्यों के हिसाब से कांग्रेस ने 3 साल में 13300 करोड़ खर्चे थे, लेकिन भाजपा ने 21300 करोड़ जो कि लगभग दो गुना है। इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि पिछले एक वर्ष कोविड-19 महामारी में व्यर्थ चला गया। ऐसे में भाजपा को केवल 2 वर्ष का कार्यकाल मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार ने समाज के लिए हर स्तर पर काम किया है, सामाजिक सुरक्षा पेंशन बुजुर्गों के लिए बड़ा निर्णय है। आज जनमंच कांग्रेस के लिए परेशानी का विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन द्वारा भी हिमाचल सरकार जनता के साथ सीधा संवाद कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ग्रहिणी सुविधा योजना, आयुष्मान भारत हिम केयर योजना, सहारा योजना जैसी अनेकों जन कल्याणकारी योजनाओं से हिमाचल की जनता को बड़ा लाभ हो रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने से पूर्व वक्ताओं जिसमें प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, कुलदीप चंद, नाहन से विधायक डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन का संगठन के महत्वपूर्ण विषयों पर बोलने का आभार व्यक्त किया।
