Spread the love

शिमला। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने देश में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के बढ़ते मूल्यों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अच्छे दिनों के जो सपने दिखाए थे वह आज कमर तोड़ती महंगाई के रूप में सामने आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो कर रह गई है। देश का अन्नदाता किसान काले कृषि कानूनों के विरोध में तीन महीनों से सड़कों पर है।

चंदेल ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों से आज देश का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि आज देश में किसी की भी आवाज नहीं सुनी जा रही है। देश की विकास दर निम्न स्तर से भी नीचे चली गई है। उन्होंने हर रोज देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के लिए केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जब यूपीए सरकार के समय कभी एक-दो रुपये की वृद्धि होती थी, तो भाजपा के नेता और नेत्रियां सड़कों में उतर कर बड़े-बड़े प्रदर्शन करती थी। आज जब गैस सिलेंडर 800 के पार हो गया है और डीजल व पेट्रोल हर रोज बढ़ता हुआ 100 के पास पहुंच गया है तो इसके नेता आज चुपचाप कहीं बिल में दुबक कर बैठे हैं। आज उन्हें यह महंगाई नज़र नहीं आ रही है। 

जैनब चंदेल ने कहा कि बढ़ती महंगाई की वजह से विशेष कर गृहणियों के घर का बजट पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बढ़ती बेरोजगारी और ऊपर से बढ़ती महंगाई ने आम व गरीब लोगों का जीना हराम कर दिया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस प्रदेश में एक बड़ा सम्मेलन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके बाद सभी जिलों में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब चुप बैठने वाली नहीं। महिला कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *