शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि शिमला जिले के रामपुर में भाजपा समर्थित पंचायत जनप्रतिनिधियों की संख्या देख कर अब यह नहीं कहा जा सकता कि रामपुर कांग्रेस का गढ़ है। वे मंगलवार को रामपुर में भाजपा द्वारा आयोजित पंचायत जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
भारद्वाज ने कहा कि एक समय था, जब रामपुर में भाजपा का नाम लेने वाले गिने चुने लोग होते थे, लेकिन अब समय बदल गया है। आज आलम यह है कि समारोह का पूरा हॉल भाजपा समर्थित प्रधान, उप-प्रधान, पंचायत समिति सदस्यों से भरा पड़ा है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के छह बार के मुख्यमंत्री का यह घर है, लेकिन इसी क्षेत्र में ऐसे भी गांव हैं, जहां अभी तक सड़क नहीं है। भारद्वाज ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि 2022 में होने वाले चुनाव में भाजपा का विधायक रामपुर से विजय हो।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शहरी विकास विभाग ने अब तक 9 करोड़ रूपए से अधिक की राशि रामपुर नगर परिषद को दी है, जिसे पार्किंग, सफाई, सीवरेज व अन्य सुविधाएं प्रदान करने पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मनरेगा की तर्ज़ पर शहरी क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री शहरी आजीविका गारंटी योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस योजना के तहत लगभग 5 हजार लोगों को रोज़गार मिला है और रामपुर में 155 लोगों लाभान्वित हुए हैं।
