????????????????????????????????????
Spread the love

ऊना। इंदिरा स्टेडियम ऊना में 17 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाली सेना भर्ती के प्रबंधों को लेकर आज डीसी राघव शर्मा ने विभिन्न विभागों सहित सेना के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राघव शर्मा ने भर्ती के दौरान इंदिरा स्टेडियम के आप-पास व सड़क पर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके अलावा उन्होंने अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि सेना भर्ती के समय अभ्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। 

राघव शर्मा ने सैन्य अधिकारियों की मांग के अनुसार विभागों की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि स्टेडियम में सेना भर्ती के समय सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही बिजली व पानी की आपूर्ति को सुचारू रूप से चलाने के लिए भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भर्ती स्थल पर कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए विभिन्न सुरक्षा उपायों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के भर्ती निदेशक कर्नल संजीव कुमार ने बताया कि भर्ती रैली के दौरान सैनिक सामान्य ड्यूटी, लिपिक व स्टोर कीपर वर्ग में हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के अभ्यर्थियों की सक्रीनिंग 17 से 24 मार्च तक होगी, जबकि धर्म गुरू (आरटी जेसीओ) और फार्मासिस्ट वर्ग के लिए समस्त हिमाचल प्रदेश सहित यूटी चंडीगढ़ और हरियाणा के गुड़गांव, मेवात, पलवल और फरीदाबाद के जिलों को छोडकर अन्य जिलों के उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग होगी। उन्होंने बताया कि 26 से 27 मार्च तक चिकित्सीय जांच, 29 मार्च से 3 अप्रैल तक शिमला, सिरमौर, सोलन व किन्नौर के अभ्यर्थियों की सैनिक लिपिक, सामान्य ड्यूटी व स्टोर कीपर के लिए भर्ती होगी। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में लगभग 34 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय से मैट्रिक पास अभ्यर्थी अपना मैट्रिक/प्लस टू का सर्टिफिकेट संबंधित जिला के शिक्षा उपनिदेशक से सत्यापित करवाकर लाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 
कर्नल कालिया ने सेना भतीं में भाग लेने के लिए आने वाले युवाओं से आह्वान किया कि वे भर्ती के लिए किसी भी व्यक्ति से पैसों के लेन-देन के बहकावे में न आएं। उन्होंने बताया कि इस सेना भर्ती में नियमों के अनुरूप व पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान, सहायक आयुक्त डॉ. रेखा कुमारी, एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल, आरटीओ रमेश चंद कटोच, उच्च उपनिदेशक पीसी राणा, जिला सैनिक कल्याण मेजर रघुबीर सिंह, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कुलदीप शर्मा, तहसीलदार विजय राय सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *