Spread the love

शिमला। प्रदेश की शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बंसतपुर ब्लाक में कांग्रेस समर्थित बीडीसी ने कब्जा कर लिया है। इस पंचायत समिति में अध्यक्ष पद पर खेमचंद व उपाध्यक्ष पद पर कमल प्रकाश चुन लिए गए हैं। यहां कुल 15 पार्षदों में से कांग्रेस के समर्थन में 8 और भाजपा को 7 पार्षदों का समर्थन हासिल हुआ।

कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में नवनिर्वाचित बीडीसी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष व अन्य प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि चुने गए सभी प्रतिनिधियों पर अपने अपने क्षेत्र की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे उन्हें निभाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भारी दबाव के बावजूद कांग्रेस ने बसंतपुर ब्लॉक में बीडीसी बनाने में सफल हुई है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिसका पूरा श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ-साथ इस क्षेत्र के पूर्व में रहे विधायक पूर्व मंत्री जय बिहारी लाल खाची, विद्या स्टोक्स का भी रहा है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस मिशन 2022 के लिए मजबूती से खड़ी है।इस दौरान विक्रमादित्य सिंह के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के अतिरिक्त कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल, सदस्य नीम चंद वर्मा, वेद प्रकाश ठाकुर, नव निर्वाचित अध्यक्ष खेमचंद, उपाध्यक्ष कमल प्रकाश, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, बीडीसी सदस्य नेक चंद वर्मा, लोक चंद, सुश्री प्रियंका, मधु, फुलावती, महेंद्र पाल, एनएसी सुन्नी के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा व प्रदीप वर्मा विशेष तौर पर मौजूद थे।

राठौर ने दी विक्रमादित्य सिंह को बधाई 

उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने विधायक विक्रमादित्य सिंह को बसंतपुर में कांग्रेस समर्थित बीडीसी बनाने पर बधाई देते हुए कहा कि शिमला ग्रामीण के लोगों ने उनके विकास कार्यों और उनकी सफलता पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि शिमला जिला परिषद में कांग्रेस समर्थित लोगों को पूर्ण बहुमत है और इसके अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर उन्हीं के लोग बैठेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर को इसके चयन का समन्वयक बनाया है। वह सभी विधायकों से बातचीत करने के बाद अपनी रिपोर्ट उन्हें देंगे और जो भी फैसला होगा, वह सार्वजनिक कर दिया जाएगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *