शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में चुनकर आए प्रतिनिधियों को प्रलोभन देकर व डरा-धमकाकर अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा है कि जिला परिषद औरप बीडीसी में जीतकर आए सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है और इससे वह जनतंत्र का अपमान करने लगी है। उन्होंने कहा कि बीडीसी मशोबरा के एक कांग्रेस समर्थित सदस्यों को जिस प्रकार डरा-धमका कर एक सप्ताह तक भाजपा के कार्यकर्ता कथित तौर पर अगवाकर अपने साथ ले गए, उससे भाजपा की सारी पोल खुली है। उन्होंने कहा कि यह मामला सार्वजनिक होने के बाद पुलिस को इस मामले में स्वतः संज्ञान लेना चाहिए।
कुलदीप राठौर ने बुधवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में भाजपा समर्थितों को हार का सामना करना पड़ा है और अब वह धन-बल और सत्ता की ताकत के बूते निर्दलीय व कांग्रेस समर्थित सदस्यों को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी इस संबंध में कह चुके हैं और जो बात कही थी वह अब स्पष्ट रूप से सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि पहले शहरी निकायों के चुनावों में भी भाजपा ने ऐसी ही किया और नालागढ़ और बद्दी में जो कुछ हुआ, वह सबके सामने है। वहीं अब जिला परिषद और बीडीसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भी ऐसी ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी जिले में जिला परिषद के गठन के लिए भी भाजपा ने ऐसे सदस्य को अध्यक्ष बनाया, जिसने भाजपा समर्थित उम्मीदवार को हराया है। इस प्रकार भाजपा ने जनतंत्र का अपमान किया है।
राठौर ने मशोबरा ब्लॉक में कांग्रेस समर्थित बीडीसी सदस्य दीपराम को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर अगवा कर 6-7 दिन तक राज्य से बाहर रखने के मामले को गंभीर मामला बताया और कहा कि अब इस मामले में पुलिस को खुद आगे की कार्यवाही करनी चाहिए और डीजीपी को इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जो स्थिति बनी है, वह विचित्र है और यहां पर दो तरह के कानून चल रहे हैं। एक कानून भाजपा के लिए है तो दूसरा कांग्रेस और आम जनता के लिए है। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले और प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या करने को लेकर राज्यपाल को लिखेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि किन्नौर जिले में भाजपा ने अपनी जिला परिषद के गठन के लिए प्रलोभन देना शुरू किया है। किन्नौर जिले में कांग्रेस और भाजपा के 5-5 समर्थित सदस्य हैं और भाजपा अब धन-बल और डराकर कांग्रेस सदस्यों को अपने पाले में करने की कोशिश कर रही है। इसी प्रकार की कोशिश भाजपा शिमला जिला परिषद में भी कर रही है, जबकि यहां पर कांग्रेस के पास पूरा बहुमत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ इस खेल में कुछ अफसर भी शामिल हैं और ऐसे अफसरों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि अफसरों को अपनी लक्ष्मण रेखा नहीं लांघनी चाहिए और यदि वे ऐसा करते हैं इसके परिणाम भुगतने को भी तैयार रहें।
नगर निगम चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर करवाने की चुनौती
कुलदीप राठौर ने प्रदेश की भाजपा सरकार को चुनौती दी है कि वे प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर करवाए। इससे सभी को स्पष्ट रूप से पता चल जाएगा कि किसके कितने पार्षद जीते हैं और फिर डराने-धमकाने की राजनीति भी नहीं हो पाएगी। साथ ही फिर कोई सदस्य दबाव में भी नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा सरकार को अपनी व अपनी पार्टी की लोकप्रियता का भी पता चलेगा। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से मौजूदा सरकार राज्य में कार्य कर रही है और जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों को डरा रही है वह भाजपा की तानाशाही सोच को इंगित करता है।
