Spread the love

सोलन। भाजपा ने जिला परिषद सोलन पर कब्जा कर लिया है। सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर भाजपा समर्थितों का चयन निर्विरोध हो गया। भाजपा समर्थित रमेश ठाकुर अध्यक्ष और कमलेश पंवर उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। सोमवार को हुए चुनाव में 17 में से 14 जिला परिषद सदस्य मौजूद थे और आम सहमति से रमेश ठाकुर को अध्यक्ष और कमलेश पंवर को उपाध्यक्ष चुना गया।

इन पदों पर जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सभी सदस्यों के साथ जिला परिषद कार्यालय से लेकर सोलन रेस्ट हाउस तक जीत की जश्न रैली निकाली। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, भाजपा महामंत्री त्रिलोक जमवाल, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया व रतन पाल सिंह, सचिव एवं प्रभारी पायल वैद्य, जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, विधायक परमजीत सिंह पम्मी, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य पवन गुप्ता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उधर, मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने सभी जिला परिषद सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत है, जिसका परिणाम सबके सामने आया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कल्याणकारी नीतियों का भी यह विशेष परिणाम है कि आज बहुत बड़ा जनमत भारतीय जनता को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह दिन कांग्रेस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि वह अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन तक नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 का चुनाव अब निकट आ रहा है और इन चुनावों से यह बड़ा इशारा है कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार पुनः बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला परिषद में कांग्रेस का सफाया हो गया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *