शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर 25 जनवरी को प्रदेश कांग्रेस रिज मैदान पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी व प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ.यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेगी। इस दौरान ‘हिमाचल को बनाया कांग्रेस ने, सजाया कांग्रेस ने, संवारा कांग्रेस ने’ का नारा दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस पर राज्य सरकार द्वारा रिज मैदान पर मनाए जाने वाले विशाल आयोजन पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भाजपा के नेताओं के बड़े-बड़े बैनर लगाकर उनके गुणगान में करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश पूर्ण अस्तित्व में आया था तो उन्हीं के नेताओं ने इसका विरोध किया था। उस समय उनके नेताओं ने स्टेट हुड को मारो ठुड जैसा नारा दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश निर्माण में भाजपा का कोई भी योगदान नहीं है। उनके नेता तो हिमाचल को पंजाब में मिलाने के पक्षधर थे।
राठौर ने कहा कि प्रदेश स्व. पं. जवाहर लाल नेहरू, स्व.इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के साथ-साथ केंद्र की सत्ता में रही कांग्रेस पार्टी की सरकारों व नेताओं का सदैव आभारी रहेगा, जिनके प्रयासों से आज आधुनिक हिमाचल बना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. परमार जो हिमाचल निर्माता के तौर पर याद किये जाते हैं, उनके बाद ठाकुर रामलाल ने इसे आगे बढ़ाया और आज वीरभद्र सिंह के प्रयासों से आधुनिक हिमाचल बना है। राठौर ने रिज मैदान पर होने वाले इस समारोह पर सवाल उठाया कि एक तरफ इसके नीचे पानी के टैंक का मरम्मत कार्य चल रहा है, वहीं, इसके ऊपर विशाल पंडाल लगाना यहां लोगों की सुरक्षा को किसी खतरे में डालना है। उन्होंने कहा कि रिज मैदान का अधिकतर भाग निषेध घोषित है। ऐसे में इसके ऊपर बड़े आयोजन किसी खतरे से खाली नहीं है। इसलिए किसी की भी सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।
कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार की नीयत और काम का कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि इतिहास से छेड़छाड़ इसका काम रहा है। उन्होंने कहा कि रिज मैदान पर उनके नेताओं इंदिरा गांधी व डॉ. परमार की प्रतिमा को जानबूझकर ढक दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान रोहतांग टनल से उनकी नेता सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका ही हटा दी गई। उन्होंने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस इसे पुनस्थापित करवाने की मांग से पीछे नहीं हटेगी और इसके लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कुलदीप राठौर ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के सवालों पर जबाब देते हुए कहा कि इन परिणामों से साफ है कि लोगों ने सरकार के तीन साल के कामकाज को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन चुनाव परिणामों को लेकर जो दावे कर रही है वह पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अपने घर हारे हैं। मुख्यमंत्री अपने घर और भी भाजपा के नेता अपने लोगों को नहीं जीता पाए। ऐसे में उनके सभी दावे झूठे हैं। उन्होंने कहा कि अभी अंतिम तौर पर पूरे परिणाम नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि जितने परिणाम अब तक आये हैं, उनमें कांग्रेस के ज्यादा लोग जीत कर आये हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जोड़ तोड़ कर निर्दलीयों व कांग्रेस को अपने पक्ष में दवाब बनाने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पर अपनी पूरी नजर रखे हुए है।
राठौर ने कहा कि भाजपा को अपने पहले जारी की गई सूची को जारी करना चाहिए, जिसमें उन्होंने अधिकृत तौर पर अपने प्रत्याशी घोषित किये थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश स्तर से ऐसी कोई सूची जारी नहीं की थी, जबकि भाजपा ने दीपकमल से अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। राठौर ने भाजपा को फिर चुनौती दी कि वह प्रदेश में होने जा रहें नगर निगमों के चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवाए, जिससे उन्हें अपनी लोकप्रियता का पता चल सके।
