शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि 25 जनवरी, 2021 को रिज मैदान पर प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती समारोह शानदार तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। वे सोमवार शाम यहां प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा को बुलाई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर के लिए तैयार की जा रही काॅफी टेबल बुक और वृतचित्र में 50 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में राज्य की विकास यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मौके को चिरस्मरणीय बनाने के लिए राज्य सरकार ने विशेष डाक टिकट जारी करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए प्रभावी मीडिया प्लान तैयार किया जाना चाहिए।
मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व आरडी धीमान, प्रधान सचिव जेसी शर्मा और ओंकार शर्मा, विशेष सचिव राकेश कंवर, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन, निदेशक भाषा, कला एवं संस्कृति सुनील शर्मा, संयुक्त सचिव सामान्य प्रशासन सचिन कंवल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

