Spread the love

शिमला। राजधानी दिल्ली में कृषि बिलों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों के आंदोलन में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि देने को प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम शिमला में कैंडल मार्च निकाला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से रिज मैदान पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक ”किसान नहीं तो देश नहीं” के नारे के साथ यह कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान रिज मैदान पर किसान आंदोलन में शहीद हुए अन्नदाताओं को श्रद्धांजलि देकर ”एक दीया शहीदों के नाम” अर्पित किया। 

प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार किसानों पर अत्याचार खत्म करने को तैयार नही हैं। किसानों को पुरजोर विरोध के बावजूद केंद्र सरकार हठ मारकर बैठी है कि बिल वापिस नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की इस हठ के चलते अब तक 57 किसानों की प्रदर्शन के दौरान दिल्ली बाॅर्डर पर मृत्यु हो चुकी है, लेकिन अब तक भी केंद्र सरकार का दिल नहीं पसीजा है। नेगी ने कहा कि अन्नदाताओं का सम्मान भारत की शान रहा है। पूरा देश आज किसानों की इन कुर्बानियों से दुखी व विचलित है। उन्होंने कहा कि काले कानूनों के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए अन्नदाताओं को नमन और उनके परिवारों को प्रणाम यही हमारी श्रद्धांजलि है। 

भंडारी ने कहा कि किसानों के हकों के लिए शहीद होने वाले किसानों की इस कुर्बानी को जाया नही जाने देंगे और पीढ़ियां इनकी कुर्बानियों को याद रखेगी। निगम भंडारी ने कहा कि अपना हक मांग रहे किसानों को बदले मे मौत क्यों मिली?, क्या केंद्र सरकार 57 किसानों की मौत का जवाब देगी?इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव अखिल अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेश महासचिव निशांत ठाकुर, शिमला जिला युवा कांग्रेस शहरी के उपाध्यक्ष संदीप चौहान, महासचिव दलीप चौहान व प्रांजल, शिमला शहरी युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश कुमार गोनू, किन्नौर युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष किरण पांगटू , हेमराज, अमित, रजनीश, अंकुर, अतुल, अमित शीपू, अंकित, अक्षय ठाकुर, मनोज चौहान, यासिन भटट, रोहित, साहिल, प्यारे लाल, जितू, भान सिंह, अमित व अन्य युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *