शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य में कोरोना वायरस के बाद अब बर्ड फ्लू आने पर चिंता जताई है। उन्होंने आशंका जताई है कि पौंग बांध में हजारों परिंदों का मृत पाया जाना कहीं प्रदेश में कोई बड़े खतरे को दस्तक न दे दे।
राठौर ने कहा कि प्रवासी पक्षियों की इतनी बड़ी संख्या में मौत होना चिंता का विषय है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी स्थानीय जनता से वस्तुस्थिति की जानकारी जुटाकर पांच दिनों के भीतर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस कमेटी में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कांगड़ा अजय महाजन, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चौधरी चन्द्र कुमार, विधायक सुजान सिंह पठानिया तथा प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया को शामिल किया गया है।
राठौर ने बुधवार को यहां कहा कि राज्य सरकार को तुरंत ही इस फ्लू के बढ़ते प्रकोप को रोकने के कोई सख्त कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सूचना के अनुसार पौंग बांध के आस-पास हजारों परिंदे मृत पाए गए है। वहीं, इन मृत परिंदों को दबाने के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं, जबकि इन्हें अन्य जानवर अपना ग्रास बना कर खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर बर्ड फ्लू पर काबू नही पाया गया तो इसका संक्रमण जानवरों के साथ-साथ मनुष्यों को अपनी चपेट में ले सकता है। राठौर ने कहा कि बर्ड फ्लू से लोगों को भी पूरी तरह सचेत रहने की बहुत आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से भी इस पर कड़ी नजर रखने और मांस आदि की बिक्री पर कड़ी नजर रखने को कहा है, जिससे इस संक्रमण से बचा जा सकें।
