Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश के 50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर 25 जनवरी, 2021 को ऐतिहासिक रिज पर समारोह होगा। इस समारोह के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिए कि इस समारोह को शानदार तरीके से मनाने के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित बनाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी आग्रह किया है कि वह वर्चुअल तरीके से इस आयोजन में शामिल होकर इस समारोह की शोभा बढ़ाएं और राज्य की जनता को संबोधित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि इस समारोह के इंडोर अथवा वर्चुअल आयोजन के लिए गेयटी थियेटर अथवा टाउन हाॅल में वैकल्पिक प्रबंध किए जाएं, ताकि उस दिन हिमपात होने की स्थिति में किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर पांच रुपए का एक स्मारकीय डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। इसके अलावा, प्रदेश के राष्ट्र स्तरीय पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
जयराम ठाकुर ने निर्देश दिए कि इस अवसर पर अंग्रेज़ी व हिन्दी भाषाओं में एक काॅफी टेबल बुक प्रकाशित की जाए, जिसके माध्यम से लोगों को हिमाचल प्रदेश में पिछले 50 वर्षों में हुए विकास एवं उन्नति के बारे में जानकारी दी जा सके। उन्होंने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग को ‘हिमाचल तब और अब’ वृत्तचित्र तैयार करने के निर्देश दिए, जिसे इस समारोह में दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर प्रदेश में हुए विकास की झलक देती प्रदर्शनियां भी लगाई जाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ये निर्देश भी दिए कि प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती के अवसर पर वर्षभर आयोजित की जाने वाली 51 विभिन्न गतिविधियों की सूची तैयार करें। उन्होंने विभागों को अपनी प्रमुख उपलब्धियों की सूची तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने विभागों को अपनी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि एक विशेष कार्यक्रम के आयोजन के माध्यम से इन्हें प्रदेश की जनता को समर्पित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयोजित होने वाले सभी अन्तरराष्ट्रीय उत्सवों एवं मेलों जैसे- चम्बा जिला का मिंजर, मंडी जिला की शिवरात्रि, शिमला जिला का लवी एवं ग्रीष्मोत्सव आदि को राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती के मूल विषय के आधार पर आयोजित किया जाएगा।
जय राम ठाकुर ने सभी विभागों को पिछले 50 वर्षों में अपने-अपने विभाग से संबंधित विकास को दर्शाते लघु वृत्तचित्र तैयार करने के भी निर्देश दिए। सचिव, सामान्य प्रशासन देवेश कुमार ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, निशा सिंह, मनोज कुमार एवं आरडी धीमान, प्रधान सचिव जेसी शर्मा, केके पंत, ओंकार शर्मा एवं यशवंत सिंह, सचिव रजनीश, संदीप भटनागर, अक्षय सूद, अजय शर्मा, राजीव शर्मा एवं अमिताभ अवस्थी, विशेष सचिव राकेश कंवर, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *