Spread the love

शिमला। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने मंगलवार को शिमला में डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी की अध्यक्षता में किए गए इस प्रदर्शन में भाजपा सरकार पर कोविड से निपटने मे पूरी तरह असफल रहने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शन के बाद डीसी शिमला के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। 
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में कोविड जैसी जानलेवा बीमारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। उन्होंने कहा कि  इस समय अस्पतालों में स्टाफ नहीं है। इसलिए सरकार को स्टाफ नर्सों की भर्ती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 12,500 के करीब नर्सें रजिस्टर्ड हैं जोकि ज़रूरत पड़ने पर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं देने को तैयार हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या और अस्पतालों के स्टाफ पर बढ़ते काम के बोझ के चलते प्रदेश सरकार इन्हे नियमित तौर पर भर्ती करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत और ग्रामीण इलाकों में अभी भी कोरोना संक्रमण को लेकर टेस्टिंग संख्या में हो रही है और कोरोना की सही व पूरी जानकारी न होने के कारण ग्रामीण इलाकों में माहौल बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में कोरोना संक्रमण के बढ़ने का खतरा है, इसलिए ग्रामीण इलाकों में कोरोना टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई जाए। 
निगम भंडारी ने सरकार से पूछा कि क्या वजह है कि हिमाचल में कोविड के पॉजिटिव मामले कम आने शुरू हो गए हैं और मृत्यु दर बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि मृत्युदर बढ़ने की मुख्य वजह प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की दयनीय हालत है और कोविड मरीज अस्पताल जाना नहीं चाहते। ऐसे में अगर उनमें कोविड के लक्षण भी हैं तो वे टेस्ट नहीं करवा रहे, वे घरो में रहकर स्वयं अपना इलाज कर रहे हैं, क्योंकि उनका हिमाचल की स्वास्थ्य व्यवस्था से विश्वास उठ चुका है। उनका कहना था कि प्रदेश के अस्पतालों की खस्ता हालत से कौन वाकिफ नहीं है। 

भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि उन्होंने पिछले एक महीने में कितने अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायत चुनाव में प्रदेश की जनता जयराम ठाकुर और वर्तमान भाजपा सरकार को मुंहतोड़ जवाब देने वाली है, क्योंकि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को कोविड के संकट के बीच  लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है और जनता यह कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने कहा कि अगर स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश के गांव से लेकर शहरों तक उग्र प्रदर्शन करेगी और जरूरत पड़ी तो भाजपा के सभी सांसदों का घेराव करेगी। इस अवसर पर शिमला शहरी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश कुमार गोनू, उपाध्यक्ष संदीप चौहान, महासचिव दलीप चौहान, अधिवक्ता प्रशांत सैन, शिमला ग्रामीण विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन्द्र शर्मा, एनएसयूआई के यासिन भट्ट, प्रवीन मन्हास, नितिन देस्टा, चन्दन महाजन, रजत शर्मा व अन्य युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *