शिमला। शिमला जिले की कोटखाई तहसील के तहत देवरी खनेटी के डाहर गांव में शुक्रवार सुबह 14 कमरों का एक मकान जल गया। आग लगने की इस घटना से घर में रखा सारा सामान राख हो गया। इस हादसे में तीन परिवार बेघर हो गए। आग लगने के कारणों की छानबीन की जा रही है। आग लगने से लाखों रूपए का नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक आग लगने की यह घटना कोटखाई के डाहर गांव में घटी। इस मकान में किशोरी लाल, उनका भाई मोहन लाल और पुत्र दीपक का परिवार रहता था। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने घर से धुआं उठते देखा। महिलाओं ने इसकी सूचना परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ गांव वालों को दी। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आग बझाने में जुट गए। पीड़ितों के मुताबिक वे घर से केवल मवेशियों को ही निकाल पाए हैं, लेकिन दो खरगोशों को नहीं बचा पाए। उधर, आग लगने से किशोरी लाल और उनके पुत्र दीपक का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया, जबकि मोहन लाल ने अपने घर से कुछ सामान निकाल पाने में सफल रहे। वहीं, आग लगने की सूचना मिलने पर कोटखाई से फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मकान आग की लपटों से पूरी तरह घिर चुका था। दो मंजिला इस मकान में 14 कमरे थे, जो कि जलकर राख हो गए हैं। आग कैसे लगी, इसकी छानबीन की जा रही है, लेकिन समझा जाता है कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने पीड़ितों को फौरी राहत प्रदान की है।
