Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस के सभी ब्लॉक अध्यक्षों का आह्वान किया है कि वह एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी को बूथ व गांव स्तर तक मजबूत करते हुए पार्टी के ट्रेनिंग कार्यक्रम को गति दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सरकार विरोधी जितने भी कार्यक्रम आयोजित हुए, वह बहुत ही सफल रहे हैं। वे वीरवार को यहां ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों की वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी हिस्सा लिया था। 
राजीव शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में होने वाले पंचायत व नगर निकाय चुनावों में भाजपा को धूल चटानी है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा, जब हम एकजुट होकर कर चुनाव मैदान में डटेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी ब्लॉकों के गठन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और उन्हें अब जल्द ही बूथ कमेटियों का गठन करना है। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि वह किसी भी समस्या के लिए उनके सुझाव सदैव आमंत्रित हैं, क्योंकि ब्लॉक अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों जल्द बनाई जानी चाहिए, जिससे पार्टी कार्यकर्ता आपसी तालमेल को बढ़ा सकें। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों से ब्लॉक, जिला व प्रदेश स्तर पर भी परस्पर संवाद होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी में एक मॉनिटरिंग कमेटी के गठन का सुझाव भी दिया। शुक्ला ने ब्लॉक अध्यक्षों की इस शिकायत पर कि पंचायत व नगर निकाय चुनावों में वोटर लिस्ट में फर्जी नाम जोड़े गए हैं, को लेकर कहा कि इन लिस्टों को प्रमाण सहित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजें, जिससे इस पर पर कोई सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके और भाजपा सरकार को बेनकाब किया जा सके।

आपसी सहमति से चुने जाएं सभी प्रत्याशी – राठौर 
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश में लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल मे कांग्रेस ने लोगों की हरसंभव मदद की। इसके अतिरिक्त उन्होंने कोविड अस्पतालों, शिमला के आईजीएमसी, नेरचौक व टांडा मेडिकल कॉलेज को आवश्यक स्वास्थ्य उपकरणों को भेंट किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में चारों संसदीय क्षेत्रों में सफलतापूर्वक रैलियों का आयोजन किया, जिसमें पार्टी को लोगों का भारी समर्थन मिला है। राठौर ने ब्लॉक अध्यक्षों से नई ऊर्जा के साथ भाजपा को शिकस्त देने का आह्वान करते हुए उन्हें अपनी सभी पंचायतों के दौरे करने व पार्टी विचार धारा से जुड़े प्रत्याशियों का चयन आपसी तालमेल व सर्वसम्मति से करने की जरूरत है, जिससे भाजपा को करारी शिकस्त दी जा सके। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों से जिला अध्यक्षों से पूरा तालमेल रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों व निर्णयों के खिलाफ कांग्रेस के जन आंदोलन जारी रहेंगे।

कोविड महामारी की विफलताओं को छुपाने को टाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र – मुकेश 
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि कोविड महामारी में अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए कांग्रेस के प्रश्नों से बचने के लिए प्रदेश सरकार ने विधानसभा सत्र तक को टाल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 22 जनवरी से पहले पंचायत चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सरकार की गोद मे बैठा है। उसके किसी भी आदेश या निर्णय का सरकार पालन नहीं करती। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में आरक्षण रोस्टर में भाजपा ने अपने मन माफिक अदला-बदली की है, जिससे उन्हें इसका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि वह भाजपा की इस धांधली का डटकर विरोध करें। मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि अब तक जितने भी कार्यक्रम, विरोध प्रदर्शन आयोजित हुए हैं वह पूरी तरह सफल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आने को कहा।
आज की इस वर्चुअल बैठक का संचालन कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने किया। इस बैठक में 68 ब्लॉक अध्यक्षों ने भाग लिया। किमटा ने सभी पदाधिकारियों का इस बैठक में अपने विचार व सुझाव देने पर भी आभार जताया। वर्चुअल बैठक का आयोजन सोशल मीडिया की टीम ने इसके अध्यक्ष अभिषेक राणा के नेतृत्व में किया गया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed