Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इन्वेस्ट इंडिया द्वारा 2020 संयुक्त राष्ट्र निवेश प्रोत्साहन पुरस्कार (यूएनसीटीएडी) प्राप्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार का उद्देश्य विश्व की श्रेष्ठ निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करना है। यह पुरस्कार यूएनसीटीएडी द्वारा विश्व में 180 राष्ट्रीय निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों द्वारा किए गए कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया जाता है। इससे पूर्व, जर्मनी, दक्षिणी कोरिया तथा सिंगापुर आदि देशों को भी यह पुरस्कार मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों (आईपीए) के समक्ष ऐसी चुनौतियां उत्पन्न की हैं, जिसके कारण एजेंसियों को सामान्य निवेश प्रोत्साहन से हटकर संकट प्रबंधन की सुविधा, सरकारी आपातकाल की अधिसूचना एवं आर्थिक राहत उपाय, संकट के समय सहायता सेवाओं के प्रावधान जैसे राष्ट्रीय कोविड-19 व्यापार प्रतिक्रिया प्रयासों पर बल देना पड़ा है। यह सब उस दौरान किया गया जब एजेंसियों ने कार्यालय बंद कर कर्मचारियों को घर से आनलाइन कार्य करने को कहा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मार्च, 2020 में यूएनसीटीएडी ने इस महामारी में एजेंसियों की प्रतिक्रिया की निगरानी करने के लिए एक टीम गठित की। यूएनसीटीएडी ने अप्रैल तथा जुलाई, 2020 में ‘आईपीए ऑब्जर्वर’ प्रकाशनों में निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों द्वारा किए गए सर्वश्रेष्ठ कार्यों को प्रकाशित किया। संयुक्त राष्ट्र निवेश प्रोत्साहन पुरस्कार-2020 प्रदान करने के लिए कोविड-19 महामारी को ही एजेंसियों के कार्यों के मूल्यांकन का आधार बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूएनसीटीएडी ने अपने विभिन्न प्रकाशनों जैसे द बिजनेस इम्युनिटी प्लेटफाॅर्म, एक्सकल्यूसिव इन्वेस्टमैंट फोरम वेबिनार सीरिज, सोशल मीडिया के माध्यम से ‘इन्वेस्ट इंडिया’ द्वारा अपनाए गए नवाचार प्रयासों को व्यापक तौर पर उजागर किया गया। इन्वेस्ट इंडिया ने यूएनसीटीएडी के उच्च स्तरीय विचार-विमर्श सत्रों में निवेश प्रोत्साहन, सुविधा एवं संरक्षण के लिए अपनाई जाने वाली दीर्घकालीन रणनीतियों तथा कार्यकलापों को भी सांझा किया गया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘ईज आफ डूइंग बिजनेस’ तथा ‘ईज आफ लीविंग’ दोनों पर बल देते हुए भारत को निवेश गंतव्य बनाने की सोच का प्रमाण है। इससे उनके द्वारा सरकार की कार्यप्रणाली में उत्कृष्टता लाने पर बल देने का भी प्रमाण मिलता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह पुरस्कार भारत सरकार द्वारा कोविड-19 महामारी के प्रभावी प्रबन्धन को भी प्रदर्शित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों के लिए उच्चतम पुरस्कार है। उन्होंने कहा कि यूएनसीटीएडी एक केन्द्रीय एजेंसी है, जो निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों के प्रदर्शन की निगरानी तथा वैश्विक श्रेष्ठ कार्यों को चिन्हित करती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *