काजा। तकनीकी शिक्षा व जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने सभी विभागों को आदेश दिए हैं कि अगर कोई भी आवंटित बजट से पैसा लैप्स होता है तो संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वे बुधवार को लाहौल-स्पीति के काजा उपमंडल में प्रोजेक्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में जनजातीय उप योजना के तहत के तहत वित्तीय उपल्बधियों के बारे समीक्षा की गई। साथ ही प्राथमिक परियोजनाओ की प्रगति के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया। बीएडीपी फंड के खर्च के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। हर प्रोजेक्ट व कार्य के बारे में अधिकारियों ने मंत्री के समक्ष जानकारी रखी।
बैठक में डा. राम लाल मारकंडा ने कहा कि किसानों को केवल मटर की बीज ही सब्सिडी पर न दिया जाए, बल्कि अन्य सब्जियों के बी भी सबसिडी पर देने के लिए कृषि विभाग को कार्य करना चाहिए। इस बार कोविड काल में स्पीति के किसानों ने कई सब्जियां उगाई हैं। ऐसे में विभाग उन्हें अधिक सुविधाएं उपल्बध करवाए, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए गए कि स्पीति में चार कैफेटेरिया बनाएं जाएं। इनके लिए बजट का प्रावधान किया गया है। विभाग तुरंत स्थान चिन्हित करके कार्य शुरू करवाए। उनका कहना था कि ये कैफेटेरिया पर्यटन के क्षेत्र में काफी मददगार साबित होंगे।
डॉ. मारकंडा ने कहा कि कोविड काल के चलते स्पीति में सारी गतिविधियां कमेटी द्वारा पूरी तरह बंद हो चुकी थी। प्रवासी मजदूर यहां पर आ नहीं सके। इसके कारण कई कार्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन फिर भी अधिकांश विभागों ने अपने निधार्रित टारगेट को हासिल करने के अच्छे प्रयास किए हैं। अब स्पीति में विकास कार्यों ने तीव्र गति पकड़ ली है। उन्होंने कहा कि स्पीति में कृषि, बागबानी, पर्यटन पर काफी काम किया जा सकता है। यहां पर आईस हाॅकी फिर से शुरू होगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर के कोच को बुलाया जाएगा। वहीं, विंटर में तीरदांजी का भी प्रतियोगिता इस बार होगी। साथ ही याक महोत्सव भी होगा, ताकि पर्यटकों को अगले साल आकर्षण का केंद्र मिल सके।
जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि भावा मुद मार्ग का कार्य भी जल्द शुरू होने जा रहा है। इस मार्ग से बनने से 127 किलोमीटर की दूरी कम होगी। ऐसे में लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलने वाली है। काजा में होमगार्ड की प्लाटून स्थापित करने को मंजूरी मिल चुकी है। इससे कानून व्यवस्था स्थापित करने में प्रशासन को मदद मिलेगी। बैठक में एडीएम ज्ञान सागर नेगी, टीएसी सदस्य लोबजंग, पालजोर, डीएसपी सुशांत शर्मा, सभी विभागों को विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
