रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने किन्नौर जिला के युला गांव में बस स्टैंड से शॉकमो तक 10 लाख रूपये की लागत से बनने वाले स्पेन का शिलान्यास किया।
सूरत नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं, इसके तहत युला गांव के लिए स्पेन का निर्माण किया जा रहा है तथा स्पेन के बन जाने से युला गांव के लोगों को अपने नकदी उत्पादों को मंडी तक पहुँचाने में आसानी होगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को स्पेन का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।
वन निगम के उपाध्यक्ष ने कहा कि कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कई कदम उठाए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत बागवानों को 19 लाख 33 हजार 400 रुपये की अनुदान राशी प्रदान की गई, जिससे 145 बागवान लाभान्वित हुए। उन्होंने कहा कि जनजातीय उप-योजना के तहत 60 लाख 95 हजार 343 रुपये व्यय किए जा चुके हैं व इससे 282 बागवानों को लाभान्वित किया जा चुका है। इस अवसर पर स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान व ग्रामवासी उपस्थित थे।
