कुल्लू। वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की प्रेरणा से मनाली की कई संस्थाएं और आम लोग एचपी कोविड-19 सोलिडेरिटी रिस्पॉन्स फंड में आर्थिक योगदान देने के लिए आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को मनु हिडिंबा मंदिर कमेटी मनाली के पदाधिकारियों ने एचपी कोविड-19 सोलिडेरिटी रिस्पॉन्स फंड के लिए 51000 रुपये का चेक वन मंत्री को सौंपा। गांव कमेटी प्रीणी ने भी कोविड-19 फंड में 51000 तथा पीएम केअर में 31000 रुपए दिए। ग्राम पंचायत वशिष्ठ के उपप्रधान चंद्र सेन जी ने भी 21000 रुपये का चेक दान किया।
इस अवसर पर सभी दानी संस्थाओं का धन्यवाद करते हुए गोविंद सिंह ने कहा कि यह राशि प्रदेश में कोरोना प्रभावितों की सहायता हेतु सहायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी से निपटने के लिए हर नागरिक को आगे आना चाहिए। उधऱ, इस मौके पर लाहौल स्पीति ईको टूरिज्म सोसाइटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी वन मंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। इन्होंने लॉक डाउन के कारण कुल्लू मनाली में फंसे लाहौल घाटी के लोगों को अटल टनल से लाहौल भेजने हेतु अनुरोध किया।
वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लाहौल वासियों की समस्याओं के समाधान करने हेतु संवेदनशील है। इस दिशा में जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।गोविंद सिंह ठाकुर ने मनाली अस्पताल की 108 एम्बुलेंस में कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा किट भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से लड़ने वाले स्वास्थ्य कर्मी “योद्धा” हैं और ये सुरक्षा एवं सम्मान के पात्र हैं । ये कोरोना वारियर्स है।विश्वव्यापी महामारी के कारण हुए देशव्यापी लॉकडाउन में भी स्वास्थ्य कर्मी हमें स्वास्थ्य सेवाएं दे कर अपने कर्तव्य का पालन कर रहे हैं।वन,परिवहन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रविवार को ही अपने निवास मनाली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाजपा 2017 के सभी प्रत्याशी प्रदेश पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष,जिला महामंत्री आई टी विभाग के पदाधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण से निपटने तथा व्यवस्था के बारे विशेष बातचीत की।
