मंडी। मंडी में सुकेती खड्ड में बीती मध्यरात्रि एक पिकअप के लुढ़कने से सात लोगों की मौत हुई है। इस हादसे में चालक घायल हुआ है। हादसे में मारे गए सभी लोग बिहार के रहने वाले थे। उधर, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कल रात मण्डी के निकट हुए सड़क हादसे में सात मजदूरों के निधन पर शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज़िला प्रशासन की टीम दुर्घटना की खबर मिलते ही तुरन्त दुर्घटना स्थल पर पहुंची और राहत तथा बचाव कार्य आरम्भ किया गया। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हर सम्भव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शान्ति व शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मंडी में सड़क हादसे की खबर से उनका मन अत्यंत व्यथित है। इस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं और घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश भाजपा और हिमाचल सरकार शोक संतप्त परिजनों के साथ है। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने बीती रात मंडी के निकट हुए सड़क हादसे में सात मजदूरों के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति व शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
