हाथों के एक्जिमा पर मौलिक शोध के लिए CODFICON-2026 में सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र प्रस्तुति से सम्मानित
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला के त्वचा रोग विभाग के चिकित्सक एवं रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) के अध्यक्ष डॉ. (मेजर) बिरसुखमन सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें रविवार को आयोजित 16वें राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन CODFICON-2026 में सर्वश्रेष्ठ मौलिक शोध पत्र प्रस्तुति (Best Original Research Paper Presentation) के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
डॉ. बिरसुखमन सिंह ने यह शोध IGMC शिमला के त्वचा रोग विभाग में हाथों के एक्जिमा (Hand Dermatitis) से पीड़ित मरीजों पर किया था। शोध में पैच टेस्टिंग के माध्यम से मरीजों में घरेलू एलर्जेन्स की भूमिका और उनके प्रभाव का अध्ययन किया गया। इस शोध का उद्देश्य हाथों के एक्जिमा के संभावित कारणों की पहचान और मरीजों के बेहतर उपचार में घरेलू एलर्जेन्स के महत्व को समझना था।
राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में देशभर से त्वचा रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। इसमें AIIMS नई दिल्ली, PGIMER चंडीगढ़, GMCH चंडीगढ़ सहित देश के कई प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के वरिष्ठ प्रोफेसर, विभागाध्यक्ष और विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर डॉ. सिंह को प्रथम पुरस्कार मिलना IGMC शिमला और हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि है।
डॉ. बिरसुखमन सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों, मार्गदर्शकों, सहकर्मियों और IGMC शिमला के त्वचा रोग विभाग को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन से ही यह उपलब्धि हासिल करना संभव हो पाया है। उन्होंने इस सम्मान को व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ अपने संस्थान और प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय बताया।
