Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला बोला है। राठौर ने मुख्यमंत्री के उनके उस बयान पर आड़े हाथों लिया है, जिसमें उन्होंने कोरोना संक्रमण और कांग्रेस से हिमाचल को मुक्त करने की बात कही है। उन्होंने शुक्रवार को पलटवार करते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री कोरोना, बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बेकाबू होता नशे के कारोबार से निपट ले, उसके बाद कांग्रेस से निपटने की सोचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कोरोना से तो नहीं निपट पा रहे हैं, कांग्रेस से निपटना उनके बस की बात नहीं है।
राठौर ने मुख्यमंत्री को प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व अन्य समस्याओं से निपटने की सलाह देते हुए कहा कि जिस कार्य के लिए लोगों ने उनकी सरकार को चुना है, उसे वह पहले पूरा करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कांग्रेस की चिन्ता छोड़, पहले प्रदेश की समस्याओं और फिर अपनी चिन्ता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश, प्रदेश आज जिस गम्भीर चुनौती से गुजर रहा है, सरकार को पहले इससे निपटने की कोई बात करनी चाहिए।प्रदेश में बढ़ते अपराध, बेकाबू नशे के कारोबार से इस प्रदेश को मुक्ति दिलाए। उन्होंने कहा कि छल कपट की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चलती।
राठौर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि कोरोना काल में भी भाजपा ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले। यहां तक कि इसमें वह अपने अवसर तलाशती रही। उन्होंने मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि वह अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी कर लोगों का ध्यान हटाने का प्रयास कर रहे हैं। राठौर ने भाजपा को भ्रष्टाचार जनक पार्टी का नाम देते हुए कहा कि उन्हें बिहार चुनाव परिणामों से ज्यादा खुश और उत्साहित होने की जरूरत नहीं है। बिहार में भाजपा चुनाव कैसे जीती है, इसे देश के लोग अब भलीभांति समझ और जान चुके हैं।
कुलदीप राठौर ने कहा कि जयराम सरकार की इन तीन सालों में प्रदेश में ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है, जिसका वह जश्न मना सके। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था बहुत बुरे दौर से गुजर रही है। सरकार के पास कोई भी ऐसी योजना नहीं है, जिससे यह अर्थव्यवस्था सुधर सके। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई से लोग त्रस्त है, लेकिन प्रदेश सरकार अपनी मौज मस्ती में लोगों को गुमराह कर अपनी राजनीति रोटियां सेंकने में लगी है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *