राजस्व मंत्री ने सांगला घाटी की पंचायतों का किया दौरा
रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को सांगला घाटी की पंचायतों का दौरा कर रक्छम पंचायत में 2 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले आईस स्केटिंग रिंक का शिलान्यास किया।
राजस्व मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रक्छम के खेल मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, मनरेगा अधिनियम, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह की तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है। मनरेगा से ग्रामीण अंधोरंचना का विकास हुआ है तथा वन अधिकार अधिनियम-2006, को लाने का मुख्य उद्देश्य जनजातीय जिला के निर्धन एवं भूमिहीन लोगों को जमीन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार वन अधिकार अधिनियम-2006 के माध्यम से जनजातीय लोगों लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नोतौड़ अधिनियम-1968 स्वर्गीय मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार की देन है जिससे जन-जातीय लोगों व उपेक्षित वर्गों को भूमि का मालिकाना हक प्राप्त हुआ है। उन्होंने जिला के भूमिहीन लोगों से आग्रह किया कि वे इस अधिनियम का लाभ उठाएं तथा अपने नाम जमीन प्राप्त करें।

बागवानी मंत्री ने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में लगभग 800 निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों के लोगों को भू पट्टे प्रदान किए गए हैं जिससे उन्हें जमीन का स्वामित्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला किन्नौर जहां पर्यटन की दृष्टि से अहम है, वहीं सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान है। बॉर्डर-टूरिज्म को खोलने से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं सेना के लिए भारत की सीमा तक का सफर कम होगा और बॉर्डर-टूरिज्म में इज़ाफा होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को भी पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा और विशेषकर साहसिक खेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जाएगें। तथा स्थानीय आर्थिकी को बल मिल सके।
इससे पूर्व स्थानीय पंचायत प्रधान सुनीला नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
इससे पश्चात, राजस्व मंत्री ने ग्राम पंचायत बटसेरी में 1 करोड 92 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी योजना का शिलान्यास किया। उन्होंने देवता बद्री नरायाण जी के प्रांगण में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय जिला किन्नौर में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी विकास के लाभ मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बास्पा नदी तटीकरण के तहत सुरक्षा दीवारों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाएगा ताकि आपदा प्रबंधन में मदद मिल सके।
जनजातीय विकास मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार भारतीय संविधान एवं लोकतंत्र को प्रभावित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और कांग्रेस पार्टी भारतीय लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
महिला मण्डल बटसेरी व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बटसेरी की छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए दस-दस हजार रुपये की राशि प्रदान की।
जगत सिंह नेगी का ग्राम पंचायत बटसेरी पहुंचने पर स्थानीय पंचायत प्रधान कान्ता देवी ने स्वागत किया व गांव की समस्याओं से मंत्री को अवगत करवाया।
इसके बाद राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने ग्राम पंचायत थैमगारंग में बनने वाले युवक मंडल भवन थैमगारंग का शिलान्यास किया तथा 1 करोड़ 60 लाख रुपये की निर्मित राजकीय उच्च विद्यालय भवन थैमगारंग का उद्घाटन किया।
राजस्व मंत्री ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार शिक्षा के आधारभूत ढांचे को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है ताकि घर-द्वार पर ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को लाभ मिल सके। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार गुणात्मक शिक्षा के सुधार के लिए व्यापक कदम उठा रही है तथा प्रदेश में 150 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि किन्नौर जिला में निचार, भावानगर, सांगला, रिकांगपिओ व कानम स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न पर शिक्षा आरंभ किया जा रहा है और सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्रदान की जा रही है जिससे हर वर्ग के बच्चों को घर-द्वार पर आधुनिक शिक्षा प्रणाली का लाभ मिल सके।
राजस्व मंत्री ने सभी पंचायतों में लोगों की समस्याएं सुनी तथा उनकी समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से निपटाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर उमेश नेगी, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक पिताम्बर दास नेगी, किनफेड निदेशक सचिन नेगी, कल्पा ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विक्रम नेगी, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग राजेन्द्र सिंह, उप-पुलिस अधीक्षक भावानगर वरूण पटियाल, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, अधिशाषी अभियंता जल शाक्ति विभाग मनोज नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मंडल भावानगर प्रमोद नेगी, थाना प्रभारी सांगला देविन्द्र वर्मा, महाप्रबंधक उद्योग गुरू लाल नेगी, उप-निदेशक उच्चतर शिक्षा कुलदीप सिंह डोगरा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
