शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर एवं सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने जहरीली शराब प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ज़हरीली शराब मामले में जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी द्वारा लीपापोती के मकसद से हमीरपुर के कांग्रेस नेता नीरज ठाकुर को हटाया गया है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस पार्टी अवैध शराब के कारोबार की संरक्षक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता वर्तमान में जिला हमीरपुर के महासचिव थे। पूर्व में वह एक पंचायत के उपप्रधान भी रह चुके हैं और कांग्रेस पार्टी के अनेकों कार्यक्रमों में सक्रिय रूप में भाग लेते थे।
तोमर और नंदा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूर्व में भी अनेकों बार अवैध कामों को संरक्षण दे चुकी है। इसके अनके प्रमाण जनता के समक्ष पूर्व में आ चुके हैं। इस प्रकरण से शराब मामले में कांग्रेस पूरी तरह से एक्सपोज़ हो चुकी है। अब तो यह स्पष्ट है कि खनन, वन और भू माफिया के चौकीदार भी कांग्रेस पार्टी के नेता हैं। उन्होंने कहा कि नकली शराब तस्करी का कांग्रेस नेताओं को पहले से ही पता था। कांग्रेस पार्टी के नेता केवल जनता को गुमराह कर रहे थे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि इस मामले में अपराधी खुद सरकार को सलाह दे रहे हैं। अब अपनेआप को बचाने के लिए कांग्रेस नेता अनेकों प्रकार की जांच मांग रहे हैं, लेकिन वे कहना चाहते हैं कि हिमाचल पुलिस की जांच में कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस ने इस मामले में अच्छा काम किया है और 72 घंटे में केस सुलझाना अपने आप में ही ऐतिहासिक है।
