शिमला। हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस किसानों और बागवानों की आवाज को मजबूती से उठाएगी। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रवि शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के सेब बागवानों से किए वादे आज तक पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विदेश से आने वाले सेब पर आयात शुल्क कम किए जाने से हिमाचल के बागवानों को अपनी फसल के उचित दाम हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए रवि शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसान कांग्रेस का संगठनात्मक विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में शिमला जिला किसान कांग्रेस का गठन किया जा रहा है, जबकि जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के अनुरूप संगठन को मजबूत करने के साथ किसानों और बागवानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
रवि शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों और बागवानों के हितों का संरक्षण किया है, जबकि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों और बागवानों की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस प्रदेश के किसानों-बागवानों से जुड़े मुद्दों को हर स्तर पर उठाएगी।
इस दौरान शिमला जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ममता ठाकुर ने कहा कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सेब उत्पादन क्षेत्र ठियोग से संबंध रखती हैं और बागवानी से जुड़े लोगों, विशेषकर महिलाओं की समस्याओं से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि विदेश से भारत आने वाला सेब हिमाचल की सेब अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। किसान कांग्रेस प्रदेश के सभी जिलों, ब्लॉकों और बूथ स्तर तक किसानों और बागवानों की आवाज बुलंद करेगी।
केंद्र की नीतियों के कारण किसानों-बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा – हिमराल
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शिमला, ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि शिमला जिले में किसान कांग्रेस बागवानों की प्रमुख आवाज बनकर उभर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के सेब बागवानों से उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने और उनके हितों के संरक्षण का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी ‘15 करोड़ के जुमले’ की तरह साबित हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण किसानों और बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस किसानों और बागवानों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
