किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी हिमाचल किसान सभा, राकेश सिंघा फिर बने राज्य अध्यक्ष
राज्य सम्मेलन में नौ जिलों के 152 प्रतिनिधियों ने लिया भाग, तीन साल के लिए 45 सदस्यीय नई कमेटी का गठन
शिमला। हिमाचल किसान सभा केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी। किसान सभा के राज्य सम्मेलन में किसानों की बढ़ती लागत, घटती आय, कृषि संकट और ग्रामीण रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में आगामी तीन वर्षों के लिए 45 सदस्यीय नई राज्य कमेटी का गठन किया गया, जिसमें राकेश सिंघा को दोबारा राज्य अध्यक्ष और महेंद्र राणा को महासचिव चुना गया।
रामपुर में हुए हिमाचल किसान सभा के राज्य सम्मेलन में प्रदेश के नौ जिलों से 152 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष डॉ. अशोक धवले ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। कृषि में लागत बढ़ने से उत्पादन महंगा हो रहा है, जबकि किसानों की आय में लगातार गिरावट आ रही है। इस स्थिति के चलते किसान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने अमेरिका और न्यूजीलैंड के साथ व्यापारिक समझौतों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे समझौतों का कृषि क्षेत्र और किसानों पर पड़ने वाले प्रभावों को गंभीरता से समझने की जरूरत है। उन्होंने खाद्य वस्तुओं, चीनी, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया।
डॉ. धवले ने मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध करवाने वाले इस कानून का नाम बदलकर वीबी ‘जी राम जी’ कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे ग्रामीण रोजगार व्यवस्था कमजोर होगी। उन्होंने ऑनलाइन हाजिरी में आ रही दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया।
तीन साल की राजनीतिक और संगठनात्मक रिपोर्ट पेश
किसान सभा के राज्य महासचिव राकेश सिंघा ने सम्मेलन में पिछले तीन वर्षों की राजनीतिक और संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर विचार रखते हुए हिमाचल में किसान सभा के संगठन की स्थिति और गतिविधियों का ब्यौरा दिया।
रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान विभिन्न जिलों से आए 20 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में कई प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। किसान सभा ने इन प्रस्तावों के आधार पर आने वाले समय में संगठन को मजबूत करने और किसानों के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन को अखिल भारतीय किसान सभा के उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह और सचिव पुष्पेंद्र त्यागी ने भी संबोधित किया।
नई राज्य कमेटी का गठन
सम्मेलन में आगामी तीन वर्षों के लिए गठित 45 सदस्यीय राज्य कमेटी में राकेश सिंघा को अध्यक्ष, महेंद्र राणा को महासचिव और राम सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। कुशाल भारद्वाज, नारायण चौहान, राजेंद्र ठाकुर और प्रेम चौहान को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं, देवकी नंद, गीता राम, भूपेंद्र, शकुनि राम और रणजीत को सहसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सम्मेलन में कृष्णा राणा, सरोजनी, कमलेश, रीता देवी, सपना, मिलाप नेगी, संजय, राजीव, दलीप, जगमेल, सुभाष, करतार, राम लाल, धनी राम, मोती राम, जय सिंह, सुंदर जिष्टू, नीतीश, रणजीत, रमन, नरेंद्र और बिहारी लाल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
