Spread the love

स्वर्गीय गुलाब सिंह की 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के तियूणी में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय गुलाब सिंह की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने स्वर्गीय गुलाब सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और क्षेत्र के विकास में दिए योगदान को याद किया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के रूप में स्वर्गीय गुलाब सिंह का उत्तराखंड, विशेषकर जौनसार-बावर और चकरौता विधानसभा क्षेत्र के विकास में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह ने लगातार आठ बार विधानसभा चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और लंबे समय तक जनसेवा के माध्यम से लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।

शिक्षा मंत्री ने स्वर्गीय ठाकुर राम लाल को भी स्मरण करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का लगातार आठ-आठ बार अजेय प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का राजनीतिक जीवन जनसेवा, क्षेत्र के विकास और जनता के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जौनसार-बावर को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिलाने में स्वर्गीय गुलाब सिंह की भूमिका ऐतिहासिक रही। इस दर्जे से क्षेत्र के लोगों को विकास के नए अवसर मिले और सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिली। रोहित ठाकुर ने स्वर्गीय गुलाब सिंह के साथ अपने पारिवारिक एवं आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पुत्र एवं चकरौता विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रीतम सिंह चौहान ने भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए राजनीति में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रीतम सिंह चौहान आने वाले समय में उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष उत्तराखंड यशपाल आर्य, उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड के विधायकगण, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता तथा विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *