भाजपा विधायकों ने पोस्टर लेकर किया प्रदर्शन
सरकार पर पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव स्थगित करने का लगाया आरोप
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शनिवार को विपक्षी भाजपा विधायकों ने जिला परिषद और बीडीसी के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के मुद्दे पर विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने हाथों में पोस्टर लेकर परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव टालने को लेकर सरकार पर हमला बोला।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव स्थगित करवाना चाहती थी, लेकिन उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बाद सरकार चुनाव करवाने को विवश हुई। उन्होने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के मुताबिक 31 मई तक चुनाव प्रक्रिया समाप्त होनी चाहिए थे, लेकिन चुनाव संपन्न होने के करीब तीन माह बाद भी शिमला जिला परिषद के अलावा हमीरपुर में बीडीसी के चुनाव संपन्न नहीं हुए हैं। सरकार ने अब 10 सितंबर को शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव करवाने की बात मानी है।
जयराम ठाकुर ने उपायुक्त कार्यालय के जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में तब्दील होने का आरोप दोहराते हुए जिलाधीश शिमला के व्यवहार पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्र गान के मुद्दे पर कांग्रेस नेता लगातार झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से शुक्रवार के राष्ट्र गान की क्लीपिंग सभी सदस्यों को उपलब्ध करवाने का आग्रह करते हुए कहा कि इसके बाद ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा।
