Spread the love

किसी सदस्य के नजरिए से नहीं चलेगा सदन – कुलदीप सिंह पठानिया 

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि सदन नियमों और परिपाटी के साथ-साथ स्थापित पंरपराओं से चलता है। उन्होंने कहा कि सदन के भीतर जो भी कार्यवाही होती है वह हमारा विशेषाधिकार है और अध्यक्ष नियमों तथा उन्हें प्रदत्त संवैधानिक शक्तियों के मुताबिक ही इसका संचालन करते हैं। मैं भी यही कर रहा हूं। अगर कोई सदस्य अपने नजरिए से सदन को चलवाना चाहे तो संभव नहीं। पठानिया शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। 

कुलदीप पठानिया ने कहा कि हिमाचल विधानसभा के अपने नियम और परिपाटी है। सदन की कार्यवाही राष्ट गान के साथ ही शुरू होती है और समापन राष्ट्र गीत के साथ होता है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के पहले दिन ही राष्ट्र गान के साथ कार्यवाही शुरू हुई। इसके पश्चात शोकोद्गार होने थे। लेकिन विपक्ष के सदस्य राष्ट्र गीत का मुद्दा उठाने लगे। उन्होंने कहा कि सदन के नियम और प्रक्रियाएं आम सहमति से बनती हैं। विपक्ष के सदस्य नए नियम नहीं बनाएंगे। 

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनके द्वारा बार-बार व्यवस्था दिए जाने के बावजूद विपक्ष के सदस्य शांत नहीं हुए। आज नेता प्रतिपक्ष भी सदन में नहीं थे। उन्होंने कहा कि हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही का संचालन मुश्किल था। लिहाजा शनिवार सुबह 11 बजे तक इसे स्थगित किया गया है। पठानिया ने कहा कि संसद ने राष्ट्र गीत के गायन को लेकर नया कानून बनाया है, लेकिन यह केंद्र सरकार के संस्थानों अथवा संसद में लागू होगा। विधानसभा के अपने नियम हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *