Spread the love

77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का कुठार बीत में शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा 

कुठार बीत में हरित आवरण बढ़ाने के लिए 10 करोड़ रुपये 

ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाते हुए जिला ऊना में वर्ष 2026-27 के दौरान करीब 2 लाख पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की पेड़ बनने तक देखभाल सुनिश्चित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। 

उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कुठार बीत में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर जिला में पौधारोपण अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के बेहतर और सुरक्षित भविष्य की नींव तैयार करते हैं। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जिला ऊना में वन विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान 103 हेक्टेयर नए क्षेत्र में पौधारोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न योजनाओं के तहत जिला में करीब 2 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इनमें नए पौधारोपण के तहत लगभग 12 हजार, राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत करीब 17 हजार, पुराने पौधारोपण क्षेत्रों के रखरखाव के तहत लगभग 16 हजार, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत करीब 60 हजार तथा बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रतिपूरक वनीकरण के तहत 72 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 80 हजार पौधे शामिल हैं।

कुठार बीत में हरित आवरण बढ़ाने के लिए 10 करोड़ रुपये 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुठार बीत के संपूर्ण क्षेत्र में हरित आवरण को और बढ़ाने तथा वन संरक्षण एवं वन संवर्धन के विभिन्न कार्यों को गति देने के लिए बल्क ड्रग पार्क परियोजना के अंतर्गत 10 करोड़ रुपये वन विभाग को उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में बल्क ड्रग पार्क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसकी एवज में 198.5 हेक्टेयर भूमि पर प्रतिपूरक वनीकरण के तहत कुल 2,18,350 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें से 72 हेक्टेयर वन भूमि पर वर्ष 2026-27 के दौरान पौधारोपण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कुठार बीत क्षेत्र में 126.5 हेक्टेयर भूमि पर ग्रीन बेल्ट विकसित करने का कार्य भी उद्योग विभाग के सहयोग से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ रुपये की राशि से पूरे क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ वन संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे।

तालाब का होगा जीर्णोंद्धार, वॉकिंग ट्रेल्स के साथ विकसित होगा पार्क 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुठार बीत के तालाब का जीर्णोंद्धार किया जाएगा। तालाब के आसपास के क्षेत्र को सुंदर पार्क के रूप में विकसित करने के साथ-साथ वॉकिंग ट्रेल्स भी बनाई जाएंगी, ताकि यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सैर और मनोरंजन का बेहतर स्थल बन सके। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर को बनाए रखने के लिए जमीन के अंदर पानी पहुंचाना जरूरी है। कुछ लोग तालाबों के निर्माण पर नुक्ताचीनी करते हैं, लेकिन बीत क्षेत्र में बनाए गए तालाब आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और बीत क्षेत्र में पानी की समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

वन महोत्सव स्थल पर उपमुख्यमंत्री के आह्वान पर अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भी अमरूद, आंवला, कचनार, हरड़ और बेहड़ा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पौधे वितरित भी किए गए, ताकि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

मुकेश अग्निहोत्री ने लोगों से हर साल कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास खाली भूमि उपलब्ध है, वन विभाग उनकी भूमि पर पौधे लगाने में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है, जितना पौधा लगाना। 

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर कौर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, पंचायत समिति सदस्य नीलम कुमारी, कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार, दिनेश शर्मा, योगराज योगा, कुठार बीत की प्रधान कांता देवी, जखेवाल के प्रधान रामपाल, पूबोवाल के प्रधान सुमन, माजरा की प्रधान सीमा देवी, अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत, महिला मंडल, युवक मंडल, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *