शिमला। केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस ने भाजपा मुख्यालय दीप कमल के बाहर जबरदस्त धरना प्रदर्शन किया। बालूगंज से शुरू हुआ कांग्रेस का यह प्रदर्शन प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीप कमल के समक्ष भाजपा के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पक्ष में नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से त्यागपत्र की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं, छात्रों के साथ खड़ी है। नीट पेपर लीक से देश के युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है। आज देश में शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है। ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व अन्य कांग्रेस सांसदों पर की गई पुलिस कार्रवाई लोकतंत्र में चुने गए प्रतिनिधि के अधिकारों का हनन है, जिसे कांग्रेस कभी सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि उनका यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक देश के युवाओं, छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता।
