Spread the love

जिला स्तरीय रामपुरी जातर मेले में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की शिरकत 

शिमला‌। प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को जुब्बल के ऐतिहासिक तीन दिवसीय जिला स्तरीय रामपुरी जातर मेले के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। रामपुरी पहुंचने पर स्थानीय लोगों एवं मेला समिति द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने मेला समिति एवं सभी आयोजनकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जुब्बल क्षेत्र सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां के लोग अपने आराध्य देवी-देवताओं के प्रति गहरी आस्था रखते हैं और मेलों एवं त्योहारों के माध्यम से इस समृद्ध संस्कृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जिला स्तरीय रामपुरी जातर मेला क्षेत्र के आराध्य देवता शाड़ी बनाड़ के सम्मान में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर देव आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय कला, लोक संगीत और परंपराओं को सहेजने का सशक्त माध्यम है। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी भाषा, बोली, लोकगीत और लोक संस्कृति को अपनाने एवं संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दृष्टि से रामपुरी मेला, राथल मेला, महासू मेला, शवाल मेला तथा रिहाली मेला खनेटी को जिला स्तरीय मेले का दर्जा प्रदान किया गया है।

जुब्बल में विकास कार्यों को मिली नई गति 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत पराली के डकैड़ में स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल मैनेजमेंट एंड ट्रेनिंग, जुब्बल का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। यह संस्थान प्रदेश में शैक्षिक नियोजन, प्रबंधन, अनुसंधान, प्रशिक्षण और मूल्यांकन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा यहां एक समय में लगभग 200 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों के हजारों रिक्त पदों को भरा गया है तथा यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। 

रोहित ठाकुर ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लगभग 550 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य प्रगति पर हैं। क्षेत्र में अनेक सड़कों एवं भवनों का निर्माण किया गया है। आईटीआई जुब्बल में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शहरी आजीविका केंद्र का भवन जनता को समर्पित किया जा चुका है तथा रामपुरी मेला मैदान तक सड़क का पक्कीकरण भी पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि अपने गृह क्षेत्र में आयोजित इस ऐतिहासिक मेले में शामिल होकर तथा आराध्य देवता शाड़ी बनाड़ का आशीर्वाद प्राप्त कर वे स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने पुराना जुब्बल स्थित पीढ़ी माता मंदिर में भी शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मेला समिति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। 

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, नगर पंचायत जुब्बल की अध्यक्ष अनिता चौहान, मेला समिति के प्रधान चंदर चौहान, एसडीएम जुब्बल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *