शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से कोरोना महामारी के चलते प्रदेश सरकार से जनता पर रहम की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि आज के दौर में जिस प्रकार मंहगाई व बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, ऐसे में सरकार को लोगों पर कुछ तो रहम करना चाहिए।
राठौर ने त्यौहारों के इस सीज़न में बढ़ती महंगाई पर अपनी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि सरकार ने अब पीडीएस के तहत मिलने वाली दालों के मूल्यों में भी बढ़ोतरी कर गरीब व आम लोगों की रोटी पर भी एक बड़ा प्रहार कर दिया है। राठौर ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि उन्हें ऐसा लगता है कि सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो गई है। लोगों के प्रति इसके मन में तनिक भी संवेदना नही रही है।
कुलदीप राठौर ने सरकार के उस फैसले पर भी हैरानी जताई, जिसमें उन्होंने दीवाली के अवसर पर पीडीएस के तहत 100 ग्राम अधिक चीनी देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय पूरी तरह से हास्यास्पद है। सरकार को त्यौहारी सीज़न को देखते हुए कम से कम 5 किलो चीनी देने का कोई निर्णय करना चाहिए, जिससे लोग अपने घरों में कुछ मीठा ही खा लेते।
राठौर ने सरकार से जानना चाहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से लोगों को कब तक राहत मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को इस समस्या से निपटने की किसी योजना का सार्वजनिक तौर पर खुलासा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति पटरी पर लाने के क्या प्रयास किए जा रहे हैं, इसकी भी जानकारी लोगों को दी जानी चाहिए।
कुलदीप राठौर ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी कड़ा ऐतराज जताया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को विकास विरोधी कहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विकास के जिस पथ पर आज खड़े हैं, वह कांग्रेस की ही देन है। उन्होंने कहा कि सरकार आज जिन योजनाओं के उद्घाटन कर रही है, वह सब पूर्व कांग्रेस सरकार की ही योजनाएं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वह अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस को दोष न दे।
